बयाना में बुधवार को शीतलाष्टमी का पर्व परम्परागत धार्मिक श्रद्धा व विश्वास के साथ मनाया जा रहा है। कस्बा सहित ग्रामीण अंचलों में शीतला माता मंदिरों पर अल सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। महिलाएं शीतला माता की पूजा अर्चना कर शीतल पकवानों का भोग लगा रही हैं। शीतला माता मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है।
कस्बे के रानीबाग स्थित शीतला माता मंदिर पर पूजा अर्चना के लिए तड़के 4 बजे से ही श्रद्धालु महिलाओं का पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर माता को एक दिन पूर्व बनाए गए ठंडे पकवानों का भोग लगाया तथा घर-परिवार में निरोगी रहने और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने समूहों में बैठकर शीतला माता की कहानी सुनी।
सुबह से ही बाजारों में महिलाओं के समूह हाथों में पूजा व पकवानों की थाली लेकर मंदिर की ओर जाते नजर आए। मंदिर पर मेले का सा माहौल बना रहा। पूजा के बाद लोगों ने घरों में भी एक दिन पूर्व बनाए पकवानों पुआ, पूड़ी, सब्जी, कढ़ी, चावल का प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं कस्बा ब्रह्मबाद में बुधवार से ही शीतला माता का लक्खी मेला शुरू होगा। ग्राम पंचायत की ओर से आयोजित होने वाले इस मेले का सुबह 11 बजे उद्घाटन होगा। 5 दिनों तक चलने वाले इस मेले के तहत बुधवार रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन रखा गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.