राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया की पत्नी शांति पहाड़िया का रविवार को निधन हो गया। 3 दिन पहले ही जगन्नाथ पहाड़िया का निधन हुआ था। दिवंगत जगन्नाथ पहाड़िया की पत्नी पूर्व विधायक शांति पहाड़िया ने गुरुग्राम के चिकित्सालय में अंतिम सांस ली।
शांति पहाड़िया की मौत की खबर के बाद जिले में शोक की लहर छा गई है। शांति पहाड़िया के निधन की खबर सुनकर लोगों ने 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रदांजलि दी। गौरतलब है कि शांति पहाड़िया 2 बार विधायक और राज्यसभा सदस्य रह चुकी थीं। इन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की।
मुख्यमंत्री गहलोत ने जताया शोक
शांति पहाड़िया के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शोक जताया। गहलोत ने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री जगन्नाथ पहाड़िया जी की पत्नी, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं विधायक रहीं शांति पहाड़िया जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। दोनों साथ ही जीवनपर्यन्त राजनीति में सक्रिय रहे। श्रीमती पहाड़िया जी ने पार्टी के लिए व जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी सेवाएं दीं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिजनों को यह आघात सहने का सम्बल दें और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
भरतपुर के वैर से विधायक रहीं
जगन्नाथ पहाड़िया राजस्थान के एक मात्र दलित मुख्यमंत्री रहे हैं। इस दौरान उनकी पत्नी शांति पहाड़िया ने भी राजनीति में कदम रखा। वे भरतपुर की वैर विधानसभा से दो बार विधायक रहीं। इसके बाद राज्यसभा सदस्य भी रहीं। जगन्नाथ पहाड़िया का निधन 20 मई को ही हुआ था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.