भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना इलाके में एक बेटे और उसके वकील पिता के बीच झगड़ा हो गया। पिता का कहना है कि बेटे ने शराब के नशे में उस पर हमला कर दिया। बेटे से जान बचाने के लिए पिता ने घर से बंदूक निकालकर हवा में फायर किया तब जाकर बेटा पिता को छोड़कर भागा। कारतूस से निकल छर्रे पड़ोसियों के घर में जाकर गिरे। अगर किसी को छर्रे लग जाते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
बेटे और पिता का चल रहा है झगड़ा
वकील विजय फौजदार ने बताया कि उनका बीटा संजय करीब 15 साल पहले से शराब पीने लगा था। धीरे-धीरे उसकी आदत हो गई। अब संजय शराब पीकर झगड़ा करने लगता है। संजय कुछ कमाता नहीं और वह अपने ही परिजनों से लड़ता है और घर में ही रहता है। आज सुबह संजय सामने वाले पड़ोसियों से लड़ रहा था। तभी संजय के पिता उसकी झगड़ने की आवाज सुन घर से बाहर गए तो उन्होंने संजय को झगड़ा करने से रोका। तभी संजय पड़ोसियों को छोड़कर अपने पिता से झगड़ने लगा। दोनों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि संजय ने अपने पिता के ऊपर हमला कर दिया और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। अपने पिता से मारपीट करने लगा। झगड़े में विजय फौजदार के चोट आई हैं।
पिता ने बेटे से बचने के लिए किया हवाई फायर
जब विजय को लगा कि उसका बेटा संजय रुक नहीं रहा और वह उस पर हमला किए जा रहा है तो विजय फौजदार अपने घर से लाइसेंस की बंदूक निकालकर लाया और एक हवा में फायर किया। फायर करते ही संजय घर से भाग गया। तब जाकर विजय ने अपने बेटे संजय से जान बचाई।
पड़ोसियों के घर में गिरे कारतूस के छर्रे
विजय फौजदार ने जब हवा में फायर किया तो कारतूस के छर्रे पड़ोसी के घर में जाकर गिरे। गनीमत यह रही की घर के बरामदे में कोई बैठा हुआ नहीं था नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
संजय घर से पहुंचा मथुरा गेट थाने
मथुरा गेट थाना अधिकारी रामनाथ गुज्जर का कहना है कि वकील विजय फौजदार और उनके बेटे संजय में आए दिन झगड़ा होता रहता है। संजय नशा करता है। आज सूचना मिली थी की विजय ने अपने बेटे संजय के ऊपर फायर किया है। जिसके बाद पुलिस मौके पर गई। संजय ने शिकायत दी है कि मेरे पिता विजय ने मुझे जान से मारने की नियत से मेरे ऊपर फायर किया है। संजय की शिकायत ले ली गई है मामले की जांच की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.