IG ऑफिस और संभागीय आयुक्त ऑफिस के सामने कॉलेज ग्राउंड में 4 बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक के चेहरे पर कई छर्रे लगे हैं। घटना के तुरंत बाद कॉलेज ग्राउंड में मौजूद खिलाड़ी और नौकरी की तैयारी कर रहे युवक घायल को RBM अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका इलाज चल रहा है। मामला भरतपुर का है।
सरेआम चलाई गोली
शहर के दीनदयाल नगर के रहने वाले जितेश (23) ने बताया की वह पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है। वह बॉडी को फिट रखने के लिए रोजाना कॉलेज ग्राउंड में फुटबॉल खेलने के लिए जाता है। शुक्रवार को भी वह फुटबॉल खेलकर कपड़े बदल रहा था। उसके पास और भी लड़के थे, जो कॉलेज ग्राउंड में खेलने और नौकरी की तैयारी के लिए दौड़ लगाने आते हैं। इतने में चार बदमाश एक बाइक पर आए। बदमाशों न आते ही कॉलेज ग्राउंड में मौजूद युवकों को गलियां देनी शुरू कर दी। चारों बदमाश किसी निशांत नाम के युवक को ढूंढ रहे थे। उन्होंने गालियां देते हुए निशांत के बारे में पूछा। ग्राउंड में मौजूद युवकों ने कहा- वह यहां नहीं है। इतने में बदमाशों ने हथियार निकाला। हथियार देख ग्राउंड में मौजूद युवक भागे, तभी बदमाशों ने फायर कर दिया। गोली के छर्रे सीधे जितेश के मुंह पर जा लगे। जितेश घायल होकर जमीन पर गिर गया और बदमाश बाइक से फरार हो गए।
एक बदमाश की हुई पहचान
जितेश को तुरंत कॉलेज ग्राउंड में मौजूद युवक अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर मथुरा गेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कॉलेज ग्राउंड में मौजूद युवकों ने बदमाशों की बाइक के नंबर नोट कर पुलिस को बताए। फिलहाल पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी है। बदमाशों के फायरिंग करने का मकसद पता नहीं चल पाया है। मथुरा गेट थाना अधिकारी रामनाथ गुर्जर का कहना है की चारों में से एक बदमाश की पहचान कर ली गई है। उसका नाम डैनी है। वह गोपालगढ़ का रहने वाला है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.