पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 2 दिवसीय देव दर्शन यात्रा पर रविवार को भरतपुर पहुंचीं। वे हेलीकॉप्टर से पूंछरी के लौठा में हेलीपेड पर उतरीं। यहां उनका स्वागत करने पहुंचे लोगों को वसुंधरा राजे ने संबोधित किया। उन्होंने कहा- आज आपको याद दिलाना चाहती हूं राजमाता जी (विजयाराजे सिंधिया) के बारे में जिन्होंने दीपक जलाने और कमल को खिलाने का काम किया था। उन्होंने दीये की लौ को कभी कम नहीं होने दिया। कभी कमल को मुरझाने नहीं दिया। उनके रग-रग में भाजपा और रोम-रोम में राष्ट्रवाद भरा था। मैं उन्हीं की बेटी हूं। याद रखो।
इस दौरान राजे ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- सरकार बदलने के बाद क्षेत्र का विकास रुक गया। 13 जिलों में इस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट का काम शुरू किया था। 1600 करोड़ की लागत से बैराज का काम शुरू किया। इसकी डीपीआर भी बनाई। विकास के इस तरह के कामों को पूरा करने का काम राजा का धर्म होता है। लेकिन मौजूदा सरकार में इस परियोजना का काम वहीं ठप है।
सब मिलकर गहलोत सरकार को उखाड़ने का काम करें
उन्होंने आगे कहा- मैं आज गिरिराज भगवान के सामने प्रार्थना करती हूं कि वह हमें ताकत दें। दो हिस्सों में बंटी हुई गहलोत सरकार को मिलकर उखाड़ने का काम हम काम करेंगे। रुके हुए विकास को फिर से शुरू करने का काम हम सब करेंगे।
परिवार के बिना तीर्थ पूरा नहीं होता
राजे ने कहा कि मेरे जन्मदिन पर आप सभी लोग यहां आए हैं। आभारी हूं। उन्होंने कहा कि जब कोई तीर्थ जाता है। परिवार और निकट के लोग साथ जाते हैं, तभी तीर्थ पूरा होता है। अब मुझे यकीन है कि आज का तीर्थ पूरा होगा। हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी तो बहुत-बहुत आभार जिन्होंने राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। आज सुखद संयोग है कि कृष्ण भूमि के क्षेत्र का पत्थर राम जन्म स्थान के निर्माण के लिए जा रहा है।
कल ऐसा रहेगा कार्यक्रम
सोमवार 8 मार्च को वे सुबह आदि बद्रीनाथ मंदिर में मंगला आरती करेंगी और दोपहर में पहाड़ पर बने केदारनाथ मंदिर में जाएंगी। वे मंदिर में केदारनाथ का अभिषेक करेंगी। साथ ही पार्वती मन्दिर पर भी कलश अभिषेक करेंगी। दोपहर 3.30 बजे उनका हेलीकॉप्टर से धौलपुर रवाना होने का कार्यक्रम है।
फोटो- अमित शर्मा
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.