NH 27 पर वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत:सड़क पार कर जंगल की तरफ जा रहा था पैंथर, वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद किया अंतिम संस्कार

बिजौलिया2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

बिजौलिया से 16किलोमीटर दूर मेनाल के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैंथर की दर्दनाक मौत हो गई। पैंथर सड़क पार कर जंगल की तरफ जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर पैंथर के शव को अपने कब्जे में लिया। इस दौरान सड़क पर वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई।

निवासी दिनेश जोशी ने बताया कि वह सुबह कोटा से लाडपुरा की तरफ जा रहे थे। इस दौरान मेनाल के निकट एनएच 27 पर एक पैंथर जंगल की तरफ जाते हुए देखा। पैंथर को देखकर मैने गाड़ी रोकी तब नजदीक ही एक और पैंथर सड़क पर मृत दिखाई दिया। वन विभाग को सूचित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों की भीड़ जमा हुई। वन विभाग के कर्मचारियों ने मृत पैंथर को अपने कब्जे में लिया।

मेनाल वनपाल लोकेंद्र सिंह ने बताया कि मृत पैंथर मादा है। प्रथम दृष्टया करीब यह 4 साल की लग रही हैl शव का पोस्टमार्टम करा उसका दाह संस्कार किया जाएगा।

बता दें कि पिछले दो महीने पूर्व भी मेनाल के निकट सड़क पर वाहन की टक्कर से एक मादा पैंथर की मौत हुई थी। मेनाल सघन वन क्षेत्र में आता है। यहां जंगली जीवों के प्राकृतिक आवास बने हुए हैंl एनएच पर अंडर पास नहीं बने होने से अक्सर जंगली जीव सड़क दुर्घटना का शिकार होते हैंl

वन्य जीव प्रेमी और लाडपुरा वन सुरक्षा समिति महासंघ के अध्यक्ष सत्य नारायण जोशी ने बताया कि यह क्षेत्र सघन वन क्षेत्र में आता है। राष्ट्रीय सड़क मार्ग पर जंगली जीव सड़क क्रॉस करते समय अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। संबंधित विभाग को यहां अंडरपास बनाने के लिए कई बार पत्र लिखे गए हैं। जंगली जीवों की सुरक्षा के लिए एनएच अथॉरिटी से मिलकर समाधान के प्रयास किये जाएंगे।

खबरें और भी हैं...