भीलवाड़ा में शुक्रवार रात 12 बजे एक कबाड़ के गोदाम में अचानक से आग लग गई। रात को चल रही हवा के साथ गोदाम में पड़ा प्लास्टिक आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटे पूरे क्षेत्र में नजर आने लगी। जिसके बाद क्षेत्र में अफरा तफरी फैल गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मांडलगढ़ थाना प्रभारी मनोज जाट व काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग करीब 5 घंटे तक जलती रही। जिसमें करीब 20 लाख रुपए का प्लास्टिक जलकर राख हो गया।
मांडलगढ़ थाना प्रभारी मनोज जाट ने बताया कि मांडलगढ़ कृषि मंडी के पास जाकिर हुसैन मंसूरी का एक कबाड़ का गोदाम है। जिसमें शुक्रवार रात करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। गोदाम काफी मात्रा में प्लास्टिक पड़ा होने से कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया। पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही मांडलगढ़ नगर पालिका से भी दमकल भी मंगलवाई। यह दमकल छोटी होने से आग पर काबू नहीं पाया जा रहा था। ऐसे में पास से ही नितिन स्पिनर्स व भीलवाड़ा नगर परिषद से बड़ी फायर बिग्रेड बुलवाई गई। सुबह करीब 4 बजे इस आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई। अभी आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।
लोगों ने जताई बड़ी फायर बिग्रेड की आवश्यकता
इस हादसे को देखते हुए लोगों ने मांडलगढ़ में बड़ी फायर बिग्रेड गाड़ी की आवश्यकता जताई। पिछले कई सालों से यहां के जनप्रतिनिधियों ने मांडलगढ़ में बड़ी गाड़ी की डिमांड की जा रही है। मांडलगढ़ के पास ही उपरमाल का जंगल है। कभी आग लगने पर फायर बिग्रेड भीलवाड़ा नगर परिषद से या आस - पास की फैक्ट्री की बुलवानी पड़ती है। मांडलगढ़ नगर पालिका के पास मात्र 500 लीटर के क्षमता की फायर बिग्रेड है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.