उपचुनाव में भाजपा को जीत:कांग्रेस के वार्ड को अपने नाम किया भाजपा की कांता ने, शिक्षा मंत्री के एरिया में हारी पार्टी

बीकानेर6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

बीकानेर नगर निगम के वार्ड संख्या पांच के मतदाताओं ने कांग्रेस का हराकर इस बार अपनी सीट भाजपा की झोली में डाल दी है। रविवार सुबह मतगणना में कांग्रेस की कस्तुरी ेवी 1547 वोट हासिल कर सकी, जबकि भाजपा की कांता देवी ने 1578 मत प्राप्त कर 31 वोटों से हरा दिया। खास बात ये रही कि 29 वोट नोटा में गए, जिससे हार जीत का अंतर काफी कम हो गया। वार्ड संख्या पांच बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का एरिया है, जहां से विधायक डॉ. बी.डी. कल्ला इन दिनों प्रदेश के शिक्षा मंत्री है। इसलिए भी भाजपा की इस जीत को ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा ने कांग्रेस के कब्जे वाली सीट को अपने नाम किया है। भाजपा नेता मोहन सुराना के हाथ में इस चुनाव की जिम्मेदारी थी, वैसे शहर अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने भी क्षेत्र में सघन प्रचार किया था। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल स्वयं मैदान में नहीं उतरे लेकिन उनका पूरा निर्देशन था। मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित भी प्रचार के लिए वार्ड में गली गली पहुंची थी। इस जीत के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है। उधर, कांग्रेस ने भी कांटे की टक्कर दी है, जबकि उसके अधिकांश नेता चुनाव में खास प्रचार करते नजर नहीं आए। शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत जरूर प्रचार के लिए घर-घर पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं की कम सक्रियता के चलते पार्टी को इस वार्ड में हार का सामना करना पड़ा। जबकि ठीक तीन साल पहले इसी वार्ड में कांग्रेस ने सौ से ज्यादा वोट से जीत हासिल की थी।

जीत का अंतर ज्यादा नहीं

आमतौर पर गंगाशहर व भीनासर के क्षेत्र को भाजपा प्रभाव वाला माना जाता है। फिर भी कांग्रेस ने पिछले चुनाव में यहां व्यक्तिगत प्रयासों से जीत हासिल की थी। इस बार भी कांग्रेस ने टक्कर दी लेकिन जीत नहीं मिल सकी। किसी भी उम्मीदवार को पसन्द नहीं करते हुए नोटा का बटन दबाने वालों की संख्या 29 रही। ऐसे में हार-जीत में नोटा का भी महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।

ये है वार्ड में वोट्स का गणित

बीकानेर के भीनासर व आसपास का क्षेत्र इस वार्ड में आता है, जहां सबसे ज्यादा 1225 वोट भी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगाशहर भक्तानंद मंदिर पर है। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बायां भाग भीनासर में एक हजार अस्सी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंगाशहर भक्तानंद मंदिर केदूसरे भाग में 998, राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय बाया भाग भीनासर में 976, राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय दायां भाग में 769 और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दायां भाग में 758 वोट हैं।

भाजपा नेताओं ने जताई खुशी

भाजपा ने इस जीत पर खुशी जताई है। संगठन कार्यालय के साथ ही गंगाशहर व भीनासर में भी अब कार्यकर्ता एकत्र हो रहे हैं। मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने इसे केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के नेतृत्व में मिली जीत बताया है। भाजपा महामंत्री मोहन सुराना ने कहा है कि कांग्रेस से सीट छीनकर भाजपा ने साबित कर दिया कि प्रदेश सरकार पर भरोसा नहीं है। भाजपा नेता जतिन सहल ने कहा है कि ये चुनाव आने वाले विधानसभा चुनाव की झलक है।