पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीकानेर आगमन की तैयारी जोरों पर चल रही है। पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी राजे के कार्यक्रम के लिए जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। दरअसल, नौ अक्टूबर को वसुंधरा राजे बीकानेर आएंगी और इस दौरान "संवाद" कार्यक्रम भी होगा। बुधवार को भाटी ने बीकानेर के देशनोक व नोखा में आम लोगों से जनसंपर्क किया। दरअसल, इसी कार्यक्रम में स्वयं देवीसिंह भाटी फिर से भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
वसुंधरा राजे के बीकानेर कार्यक्रम को "कार्यकर्ता संवाद" नाम दिया गया है। देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में भाटी के साथ देशनोक के कई प्रभावशाली लोग थे। इसमें पूर्व पालिकाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष, पार्षद व पूर्व पार्षद भी शामिल हुए। भाटी ने साफ तौर पर कहा कि वसुंधरा राजे के नौ अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाना है। इसके बाद नोखा में भी उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मीटिंग की। यहां भी वसुंधरा राजे के कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। दरअसल, सभी कस्बों में भाटी अपने संबोधन के साथ ही आम कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बीकानेर तक लाने ले जाने के लिए व्यवस्था भी सुनिश्चित कर रहे हैं। गुरुवार को कोलायत में भाटी की सभा है। स्वयं के विधानसभा क्षेत्र में भाटी की बड़ी संपर्क सभा होने की उम्मीद की जा रही है।
भाटी की सक्रियता के मायने
दरअसल, वसुंधरा राजे के साथ भाटी की सक्रियता से साफ है कि इस बार विधानसभा चुनाव में भाटी फिर से ताल ठोकने वाले हैं। भाटी एक बार फिर भाजपा से प्रत्याशी बनने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। वो नौ अक्टूबर की वसुंधरा राजे की रैली की व्यवस्था अपने हाथ में रख चुके हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.