स्कूल साइक्लिंग में बीकानेर के नन्हें खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। श्रीगंगानगर के घड़साना में संपन्न राज्य स्तरीय स्कूली साइक्लिंग में बीकानेर ने एक-दो नहीं बल्कि आठ स्वर्ण और आठ ही सिल्वर मैडल पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही बीकानेर राज्य के किसी भी खेलकूद टूर्नामेंट में इतने पदक जीतने वाला एकमात्र जिला बन गया है।
महर्षि दयानन्द उच्च माध्यमिक विद्यालय घड़साना में 66 वीं राज्य स्तरीय विद्यालीय साईक्लिंग प्रतियोगिता हुई। साइकिलिंग कोच आर. के. छंगाणी ने बताया कि छात्र वर्ग में बीकानेर के बजरंग करवां को दो स्वर्ण व एक रजत के साथ बेस्ट प्लेयर का खिताब मिला। महादेव सारण एक स्वर्ण, दो रजत, शिवम जाट ने एक स्वर्ण, कन्हैयालाल भादू ने एक रजत पदक प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में बीकानेर की प्रियंका चौधरी व रुक्मणि ने दो-दो स्वर्ण पदक जीत के साथ संयुक्त रूप से बेस्ट प्लेयर का खिताब जीता। मनीषा जाट, अंकिता मेहरिया, ने दो-दो रजत पदक जीते। टीम कोच प्रभारी के रूप में विजय कुमार जाट, सरस्वती व सुरेश जोशी थे तथा निर्णायक के रूप में किशोर सिंह राठौड़, महेंद्र विश्नोई, मुक्तिराम चौधरी थे। बीकानेर के साइक्लिस्ट कॉलेज स्तर की प्रतियोगिता और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण और रजत पदक जीतकर आ रहे हैं। स्कूल खेल में साइक्लिंग के शुरू होने के साथ ही बीकानेर ने इस पर अपना कब्जा कर लिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.