विवाह के लिए योग्य लड़की नहीं मिलने पर अनजान लोगों के साथ संबंध बनाने वालों के साथ धोखे का एक और मामला सामने आया है। यहां फड़बाजार में रहने वाले एक युवक ने जिस अनजान परिवार के साथ रिश्ता किया था, उनकी लड़की सोने चांदी के जेवरात और नगद रुपए लेकर फरार हो गई। कोटगेट पुलिस अब फरार दुल्हन को ढूंढने में लगी है।
दरअसल, फड़बाजार में रहने वाले नवरतन धोबी ने एफआईआर दर्ज करवाकर छह जनों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। नवरतन का कहना है कि उसका विवाह एक लड़की के साथ करवाया गया था। ये लड़की कुछ दिन तो साथ रही लेकिन बाद में सोने चांदी के जेवर और नगद रुपए लेकर फरार हो गई। शादी करवाने वाले छह जनों में अधिकांश चूरू के सुजानगढ़ और महाराष्ट्र के अमरावती के रहने वाले हैं। सुजानगढ़ के कैलाश धोबी और सलीम ने ही उसे लड़की बताई थी। इसके अलावा अमरावती के लक्ष्मीदेवी, सुनीता, लाडनूं का मौले खान और सुजानगढ़ की ही फिरोज बानो ने शादी के लिए प्रेरित किया था। शादी के बाद लड़की घर का सामान लेकर चली गई। उसके पास नगद रुपए भी हैं, जो घर रखे हुए थे। कोटगेट पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले भी हुए ऐसे मामले
बीकानेर में एक-दो नहीं बल्कि दर्जनभर ऐसे मामले हैं, जिसमें अनजान परिवारों के साथ रिश्ता करने के बाद लड़की फरार हो गई। ऐसे मामलों में अधिकांश लोग एफआईआर ही दर्ज नहीं करवा रहे हैं। एक लाख से दो लाख रुपए लेकर दलाल शादी करवा देते हैं। बाद में दुल्हन और रुपए की डिमांड करती है, नहीं देने पर वो वापस चली जाती है। ऐसे कई मामले बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में भी हुए लेकिन मामला दर्ज नहीं करवाया गया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.