बूंदी जिला अस्पताल में टीबी क्लिनिक परिसर में शुक्रवार को नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को पेट से ऊपर तक आवारा कुत्ते खा चुके थे। इस दौरान एक व्यक्ति की नजर पड़ी तो कुत्तों को भगाया और चिकित्सा एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि नवजात शव को सिर से पेट तक कुत्ते खा चुके थे और उसके दोनों पैर ही बचे हैं। यह शव यहां पर कैसे आया इसको लेकर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि गेंडोली थाना क्षेत्र के महुआ देवजी गांव की महिला गुड्डी बाई के रात 3 बजे प्रसव हुआ था, जिसमें उसके मरी हुई बेटी हुई थी। उसके पति पप्पू ने रात करीब 3 बजे अस्पताल परिसर में ही नवजात को दफना दिया था। सुबह कुत्ते उसे गड्ढे से बाहर निकाल लाए।
इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रूपेश शर्मा की अगुवाई में पीएमओ का घेराव किया। नेता रूपेश शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में लगा है। प्रदेश की जनता के साथ हो रहे अत्याचारों पर कोई ध्यान नहीं है। चिकित्सा व्यवस्थाएं पटरी से उतरी हुई है, कई प्रकार की जांचें मशीनें खराब होने के कारण नहीं हो पा रही है। प्रदेशवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल के ताले लगा दिए जाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.