नशे में धुत बजरी कारोबारी ने पहले तो रोड पर कार से खूब स्टंट किया। इसी तरह वह करीब डेढ़ घंटे तक उत्पात मचाता रहा। जब गांव वालों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो झगड़ने लगा। गाली-गलौज की। इसके बाद महिलाओं और बच्चों पर कार चढ़ा दी। एक प्रेग्नेंट महिला सहित 5 लोग घायल हो गए हैं।
इस उत्पाती को रोकने की हिम्मत गांव की ही युवती (कॉलेज गर्ल) ने दिखाई। वह डंडा लेकर सामने आई और कार पर कई वार किए। युवती से भी कारोबारी उलझ गया। बाद में भीड़ देखकर फरार हो गया।
कार मौके पर छोड़ फरार हुए
हिंडोली थाने के ASI महेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को सथूर गांव में शराब के नशे में युवक के हंगामा मचाने की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तक तक आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। प्रत्यक्षदर्शी राजू, मनोज, मुकेश, रामचंद्र, त्रिलोक, हेमंत सहित अन्य लोगों ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब 7 बजे क्षेत्र के ही हरिपुरा निवासी कैलाश गुर्जर (28) और उसका साथी महेंद्र गुर्जर (27) शराब के नशे में सथूर कस्बे में आए। दोनों नशे में थे।
तेज गति से चला रहे थे कार
ASI महेंद्र सिंह ने बताया कि कैलाश गुर्जर बजरी कारोबारी है। उसके डंपर चलते हैं। आरोप है कि सथूर गांव में कार से खूब स्टंट किया। वो कार को बार-बार आगे पीछे ले रहा था। कार में उसके साथ उसका दोस्त महेंद्र गुर्जर भी बैठा था। मोहल्ले वालों के मना करने के बावजूद नहीं माना। उलटे गाली-गलौज करने लगा। महिलाओं और बच्चों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान पति के साथ खेत से आ रही प्रेग्नेंट माया सहित करण, माया, संजना, अजया घायल हो गए। माया को बूंदी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोनोग्राफी से पता चला है कि गर्भ में पल रहे बच्चे के भी चोटें आई हैं।
गांव की युवती ने दिखाई हिम्मत
इस दौरान कॉलेज में फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाली अजया ने स्टंट कर रहे बदमाशों का सामना किया। अजया ने डंडा लेकर कार पर बरसाना शुरू कर दिया। आरोपियों के साथ हाथापाई तक की नौबत आ गई। अजया के हाथ में लाठी और बढ़ती भीड़ को देखकर कैलाश और महेंद्र मौके पर ही कार छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद अजया ने कार के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान किसी ने अजया का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। अजया की बहादुरी के चर्चे हो रहे हैं।
हिंडोली थाना के हेड कॉन्स्टेबल प्यारे लाल ने बताया कि शनिवार सुबह सथूर गांव के रहने वाले उमेश बेरवा की रिपोर्ट पर कैलाश गुर्जर के खिलाफ एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया गया है। इसमें बताया गया है कि करण, माया, संजना, अजया को चोटें आई हैं। पीड़ितों का मेडिकल करवाकर मामले की जांच एएसआई महेंद्र सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
कार से बीयर की बोतलें मिलीं
कार से बीयर की 4-5 खाली और 2-3 भरी हुई बोतलें बरामद हुई हैं। बदमाश का सामना करने वाली युवती अजया के भाई हेमंत ने कहा- मेरी बहन को कैलाश गुर्जर उठाने की धमकी दे रहा है। हमें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पुलिस कोई भी कार्रवाई नहीं कर रही है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.