एक दिसंबर को इंडिया औपचारिक रुप से जी-20 का अध्यक्ष बन जाएगा। इस मौके पर देशभर में सौ स्मारकों पर जी-20 के लोगो के साथ लाइटिंग की जाएगी। इसमें चित्तौड़गढ़ दुर्ग को भी शामिल किया गया है।
दुर्ग की दीवारों और कुछ स्मारकों पर गुरुवार से सात दिनों के लिए लाइटिंग की जाएगी। बुधवार को इसका ट्रायल किया गया। इंडिया के अध्यक्ष बनने के बाद जी-20 की बैठकों का दौर शुरू हो जाएगा। अगले साल 9-10 सितंबर को जी-20 देशों का शिखर सम्मेलन होगा। इससे पहले देश के 50 शहरों में दो सौ से अधिक बैठक होंगी। पहली जी-20 शेरपा बैठक 4-7 दिसंबर को उदयपुर में होगी।
भारत की अध्यक्षता में जी-20 के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। इस मौके पर भारत विभिन्न क्षेत्रों में हुई अपनी प्रगति को दिखाए जायेगा। साथ ही पर्यटन, संस्कृति और त्योहारों को भी जी-20 आयोजनों से जोड़ा जाएगा।
उदयपुर में होगी शेरपा बैठक
जी-20 के भव्य आयोजन के जरिये ब्रांड इंडिया को प्रमोट किया जाएगा। जिस भी शहर में बैठकें होंगी, वहां के पर्यटन स्थलों को भी दिखाया जाएगा। साथ ही वहां की कला संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। वहां के उत्पादों के तोहफे दिए जाएंगे। अभी 4 से 7 दिसंबर के बीच उदयपुर में जी 20 के कुछ सदस्य निरीक्षण करने आएंगे और मीटिंग भी होगी। उसके बाद टीम कुंभलगढ़ का दौरा करेंगी। यह पहला दौरा होगा। इसके बाद यह दौरा साल भर चलेगा। इनमें से कोई एक जगह को शिखर मीटिंग के लिए चुना जाएगा। इसलिए इंडिया के 100 स्मारकों पर लाइटिंग कर उन्हे जगमगाया जाएगा। इसमें चित्तौड़गढ़ दुर्ग का प्राचीर, विजयस्तंभ, कुंभामहल, गौमुख पर रोशनी की जाएगी।
बुधवार को था ट्रायल
सात दिनों के लिए एक बार फिर दुर्ग जगमगा उठेगा। यहां फसाड लाइट लगाई गई। बुधवार को ट्रायल किया गया। यहां हर डेढ़ से दो किलोमीटर के अंदर लाइट्स लगाई गई। रामपोल से पत्ता महल तक की दीवारों पर लाइट्स लगाई गई।
केंद्र सरकार के आदेश पर पुरातत्व विभाग की ओर से लाइटिंग के अलावा लोगो भी लगाया गया। जी 20 समूह में 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल है। भारत के अलावा अमेरिका, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ब्राजील, कनाडा, चीन, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, इटली, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब और तुर्की शामिल हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.