खेत में बने कमरे में सो रही 90 साल की महिला पर बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावर ने गले में कपड़ा डालकर जानलेवा हमला किया। बुजुर्ग ने बचाव में हमलावर की उंगली को काटा और चिल्लाई। आस-पास के लोग आवाज सुनकर आए। मगर बदमाश भाग गया। पुलिस ने पोते की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। हमले का कारण साफ नहीं हो पाया है।
मामला चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र का है। ASI अम्बालाल ने बताया कि 90 साल की एक बुजुर्ग महिला नंगावली निवासी हमेरी बाई पत्नी तुलसीराम खारोल ने अपने पोते नरेश पुत्र भंवरलाल खारोल के साथ आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि हमेरी बाई नंगावली में अपने खेत पर बने कमरे में अकेली रहती है। बाकी परिवार उदयपुर रहता है। रात को वो सो रही थी। इसी दौरान कोई अज्ञात बदमाश आया और कमरे के बाहर की लाइट बन्द कर दी। बदमाश ने एक कपड़े से गला दबाया और मारपीट शुरू लर दी। जिससे बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में चली गई। रिपोर्ट में बताया कि बदमाश ने गले में कपड़ा डाल कर जानलेवा हमला किया। लेकिन महिला ने बीच- बचाव करते हुए हमलावर की उंगली को काटा और जोर जोर से चिल्लाई। आसपास के लोगों के जाग होने से हमलावर पड़ोसी के खेतों से होता हुआ भाग निकला। बुजुर्ग महिला ने बताया कि बदमाश ने लाल रंग की शर्ट पहनी हुई थी और उम्र 30 साल के आसपास की थी।
अकेली रहती है बुजुर्ग महिला
ASI अम्बालाल ने बताया कि आस-पास सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है। महिला यहां अकेली रहती है। परिवार उदयपुर रहता है। हर हफ्ते परिवार का एक सदस्य यहां आता है। इसके अलावा देख-रेख करने वाले भी आते है। सभी से पूछताछ की जा रही है। लेकिन हमला क्यों हुआ इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.