सुजानगढ़ के संदीप सम्मानित:'महर्षि वेदव्यास पुरस्कार -2022' मिला, विश्व स्तर पर लेखन में पाई ख्याति

सुजानगढ़5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

सुजानगढ़ मूल के लेखक और कवि संदीप कुमार मिश्रा को इस साल के "महर्षि वेदव्यास पुरस्कार- 2022" से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उनके बेस्टसेलर और बहु-पुरस्कार विजेता कविता संग्रह "वन हार्ट- मेनी ब्रेक्स" के लिए दिया गया है। साहित्य में विशेष रूप से कविता में उत्कृष्टता के लिए 'एक्सप्रेस पब्लिकेशंस' और 'पोइज़िस' द्वारा संयुक्त रूप से यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। अन्य चुने गए लेखकों में "वुडस्मोक एंड एम्बर्स" के लिए केतकी मजूमदार, "जुगनू फ्लिकर्स" के लिए मौली जोसेफ, "आइलैंड्स इन द स्ट्रीम" के लिए सोनल सिंह, "ट्वाइलाइट कॉल्स" के लिए तुलसी भंडारी, "पोएट्री - शॉट्स" के लिए व्योमी मलिक और "द्रीज़्ज़ल" के लिए राजबाबू गंधम शामिल हैं।

पलक्कड़, केरल में पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए पुरस्कार जूरी और संयोजक गोपकुमार राधाकृष्णन ने कहा कि यह पुरस्कार भारतीय महाकाव्य 'महाभारत' के निर्माता महर्षि वेदव्यास की महान विरासत को याद करता है और संजोता है। उन्होंने कहा कि "हम मानते हैं कि यह भव्य स्वीकृति दुनिया के सभी मौजूदा और उभरते लेखकों को रचनात्मक लेखन की कला में उत्साहपूर्वक और अधिक भावुक बनने के लिए प्रेरणा के रूप में काम करेगी।"

आपको बता दें कि संदीप कुमार मिश्रा ने "वन हार्ट- मेनी ब्रेक्स" पुस्तक लिखने में बीस साल बिताए। जिसे अगस्त 2020 में इंडियन पोएट्री रिव्यू द्वारा प्रकाशित किया गया और यह एक बेस्टसेलर किताब बन गई । संदीप इंडियन पोएट्री रिव्यू के पोएट्री एडिटर हैं। उन्हें रीडर्स फेवरेट अवार्ड-21, इंडियन अचीवर्स अवार्ड-21, आईपीआर पोएट्री अवार्ड-2020 और लिटरेरी टाइटन बुक अवार्ड-2020 मिल चुका है। वहीं उन्हें 2021 इंटरनेशनल बुक अवार्ड्स, 52 वां न्यू मिलेनियम अवार्ड -2021, एशियन एंथोलॉजी -2021, जॉय बी पोएट्री प्राइज 2021, ओप्रेल पोएट्री प्राइज 2021, एमपीटी स्टोरी अवार्ड -2022, न्यूकैसल स्टोरी अवार्ड-2022, अनसी स्टोरी अवार्ड-2022' और आईएएन अवार्ड-2022 के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।