शहर में इस बार गर्मी अपने सभी रिकार्ड तोडने जा रही हैं। शनिवार को गर्मी के इस सीजन का सबसे अधिक 47 डिग्री तापमान रहा। जबकि इससे पहले शुक्रवार को तापमान 46 डिग्री रहा था। शनिवार को शहर में गर्म हवाओं का दौर सुबह से शुरु हो गया। सुबह 10 बजे शहर का तापमान 42 डिग्री था। जैसे - जैसे सूरज ने अपना रूप दिखाना शुरु किया तो तापमान भी बढने लग गया।
दोपहर 12 बजे तापमान 43 डिग्री हो गया। लेकिन दोपहर शुरु होने के साथ ही गर्म हवाओं ने अपने रूख में और तेजी ला दी। दोपहर तीन बजे तापमान 47 डिग्री पहुंच गया। हालात यह हो गए कि हमेशा लोगों की भीडभाड वाले बसवा रोड, स्टेशन रोड, सिकंदरा रोड, हाई स्कूल रोड बाजार में शाम वीरानी छाई रही। शहर के बीचोबीच स्थित आगरा रेलवे फाटक जिसके बंद होने पर हमेशा यहां ट्राफिक जाम हो जाता है वहां भी तेज गर्मी के कारण वाहन चालक कम ही नजर आए। गर्मी के तेवर तीखे होने के साथ शहर में बिजली की आंख मिचौली भी शुरु हो गई। लोड बढने के कारण शनिवार को दिन में करीब तीन से चार बार बिजली की ट्रिपिंग हुई। इससे भी लोग परेशान हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.