दौसा जिला मुख्यालय पर रविवार को परशुराम जन्मोत्सव मनाया। ब्राह्मण समाज के लोगों ने परशुराम धर्मशाला में झांकी सजाकर विशेष पूजा अर्चना की, जिसके बाद शोभायात्रा का आयोजन किया गया। परशुराम जन्मोत्सव की शोभायात्रा परशुराम धर्मशाला से रवाना होकर फलसा वाले बालाजी, पुराना शहर, हलवाई बाजार, बरकत स्टेच्यू होते हुए बारादरी मेला मैदान स्थित रघुनाथजी मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा में परशुराम की जीवंत झांकी सजाई गई। जिसमें महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर चल रही थी तो पुरूष परशुराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के साथ युवाओं ने केसरिया निशान हाथों में लेकर बाइक रैली भी निकाली। शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के विसर्जन के दौरान वक्ताओं ने कहा अक्षय तृतीया को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान श्रीहरि ने अपने छठे अवतार में पृथ्वी लोक में ऋषि जगदंमिनी के घर में परशुराम के रूप में अवतार लिया था।
वक्ताओं ने ब्राह्मण समाज के उत्थान के बारे में विचार व्यक्त किए। इस दौरान बड़ी तादात में समाज के लोग मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर जिले में धारा 144 लगी होने के चलते पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा। शोभायात्रा के साथ एसडीएम संजय गोरा व डिप्टी एसपी कालूराम मीणा पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे।
वीडियो: भास्कर जैमन
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.