कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा रविवार को संगठन पदाधिकारियों को लेकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी में फूट होने के साथ मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार होने की बात कही है। मलिंगा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार देर शाम को राजस्थान में प्रवेश करेगी। देशभर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस पार्टी के नेता मंत्री पूर्व मंत्री विधायक एवं पूर्व विधायक जिम्मेदारी के साथ भाग ले रहे हैं, जो राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। भारत जोड़ो यात्रा देश को जोड़ने का काम कर रही है। मलिंगा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई गलफत नहीं है। सबसे अधिक गफलत मौजूदा वक्त में भाजपा पार्टी में देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सिर्फ 2 लोगों में गफलत के हालात देखे गए थे, लेकिन बीजेपी में 10 से ज्यादा लोग मुख्यमंत्री के दावेदार बनकर बैठे हैं। बीजेपी के लोग अपने घर को संभाले। इस दौरान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष विनीत कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय देश में नफरत का चल रहा है। बीजेपी के ओर से सांप्रदायिकता की राजनीति की जा रही है। धर्म और मजहब के नाम पर देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश एक सूत्र में बंधेगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.