भारतीय संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित विवेकानंद संदेश यात्रा बुधवार शाम को धौलपुर पहुंची। संदेश यात्रा के धौलपुर पहुंचने पर भारत विकास परिषद के साथ स्थानीय लोगों ने उसका स्वागत किया। विवेकानंद यात्रा धौलपुर शहर में आरएसी लाइन से निकाली गई, जो शहर के डाकखाना, बजरिया होते हुए लाल बाजार पहुंची। लाल बाजार में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसके बाद यात्रा को बाड़ी रवाना किया गया।
यात्रा के संयोजक राम शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर को खेतड़ी से उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हरी झंडी दिखाकर विवेकानंद के रथ को रवाना किया था, जो अलवर, भरतपुर होते हुए बुधवार को धौलपुर पहुंची। उन्होंने बताया कि यात्रा गुरुवार को बाड़ी पहुंचेगी, जिसके बाद करौली, गंगापुर सिटी होते हुए 7 जनवरी को जोधपुर में यात्रा का समापन होगा। 50 दिन में यात्रा राजस्थान के 33 जिलों में 75 जगह पहुंचकर स्वामी विवेकानंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। खेतड़ी से शुरू हुई विवेकानंद संदेश यात्रा में 40 लोग सफर कर रहे हैं, जो यात्रा के दौरान नुक्कड़ सभाएं कर स्वामी विवेकानंद के संदेश को लोगों के बीच प्रसारित कर रहे हैं। धौलपुर जिला मुख्यालय पर निकाली की संदेश यात्रा के दौरान भारी सुरक्षा बंदोबस्त देखने को मिले।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.