डूंगरपुर में सक्रिय मानसून ने इस बार 2 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले 2 सालों में जिले में 16 अगस्त तक अधिकतम 324 एमएम बारिश हुई थी, लेकिन इस बार अब तक 590 एमएम (24 इंच) बारिश हो चुकी है। अच्छी बारिश के बाद भी बांधों में पानी की आवक बहुत कम हुई है और जिले के कई छोटे-बड़े बांध अभी भी खाली हैं। जिले में 21 बांधों में से सिर्फ 3 डेम ही ओवरफ्लो हुए हैं। उदयपुर में अच्छी बारिश से सोम कमला आंबा बांध के 4 गेट खोलने पड़े हैं।
डूंगरपुर जिले में औसत बारिश करीब 954 एमएम है। इस बार मानसून में अब तक 590 एमएम (24 इंच) बारिश हो चुकी है यानी औसत बारिश की 62 प्रतिशत बारिश रिकॉर्ड हुई है। जो पिछले 2 सालों के मुकाबले ज्यादा है, लेकिन बांधों में पानी की आवक बहुत ही कम हुई है। डूंगरपुर जिले में सिंचाई विभाग के 21 बड़े बांध और तालाब है, जबकि सोम कमला आंबा बांध संभाग का दूसरा सबसे बड़ा बांध है। उदयपुर में अच्छी बारिश की वजह से गोमती नदी और सोम नदी से पानी की आवक हुई और बांध के 4 गेट खोलने पड़े। लेकिन डूंगरपुर जिले में अब तक 590 एमएम बारिश से आकरसोल नाका 9 मीटर, मेवाड़ा 7.80 मीटर और अमरपुरा 6.40 मीटर की भराव क्षमता वाले ये 3 डेम ही ओवरफ्लो हुए हैं। 9 बांधों में तो 30 परसेंट से भी कम पानी आया है। बचे हुए बांधों में भी 50 प्रतिशत पानी भरा है।
बांधों के खाली रहने के प्रमुख कारण
जिले में औसत से 62 परसेंट बारिश अब तक हो चुकी है। बावजूद कई छोटे बड़े बांध और तालाब खाली है। इसके पीछे पहली वजह धीमी बारिश बताई जा रही है। जिले में इस बार एक साथ बारिश नहीं हुई, जिसके कारण पानी बांधों तक नहीं पहुंचा। वहीं दूसरी वजह बांध और तालाबों में जिन रास्तों से पानी आता है, वहां कई लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। जिसके कारण पानी बांध और तालाब तक नहीं पहुंच पा रहा है।
किस बांध की क्या है स्थिति
बांध का नाम | कुल भराव क्षमता | अभी कितना भरा (मीटर में) |
सोम कमला आंबा बांध | 13 मीटर | फुल (4 गेट खुले) |
लोडेश्वर | 8.93 मीटर | 3.70 मीटर |
वात्रक | 4.72 मीटर | 3.80 मीटर |
भादर | 5.35 मीटर | 3.80 मीटर |
आकरसोल का नाका | 9 मीटर | फुल |
मारगिया | 8.85 मीटर | 6.50 मीटर |
अमरपुरा | 6.40 मीटर | फुल |
बाबा की बार | 5.50 मीटर | 5.10 मीटर |
सूरी तालाब | 5.49 मीटर | 4 मीटर |
गड़ा झुमझी | 3.50 मीटर | खाली |
टामटिया | 3.20 मीटर | 0.50 मीटर |
पूंजपुर | 3.82 मीटर | 1.60 मीटर |
बोड़ीगामा | 4.50 मीटर | 2.50 मीटर |
कांठड़ी | 8.50 मीटर | 1 मीटर |
गलियाणा | 4.60 मीटर | 0.70 मीटर |
गजपुर | 9.75 मीटर | 2.60 मीटर |
भैं का नाका | 10.07 मीटर | 6.80 मीटर |
घोड़ियो का नाका | 8.50 मीटर | 3.10 मीटर |
करावाड़ा तालाब | 2.44 मीटर | 1.10 मीटर |
वारडोल का नाका | 6 मीटर | 1.60 मीटर |
वारंदा | 4.40 मीटर | 3.40 मीटर |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.