विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से कोरोना से भारत में 47 लाख मौत होने के आंकड़े सामने आने के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस विधायक और यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोघरा ने केंद्र सरकार पर कोविड काल में लापरवाही बरतने और मौतों के आंकड़े छिपाने के आरोप लगाए हैं।
घोघरा ने कहा कि ये शर्म की बात है कि कोविड काल में केंद्र सरकार ने मौतों के आंकड़ों को छिपाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कोविड से 4.8 लाख लोगों के मौत होने की बात कही थी, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से बताए गए 47 लाख मौतों के आंकड़े ने केंद्र सरकार की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार पर लापरवाही बरतने और तथ्य छिपाने के आरोप लगाए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में लोग कोरोना से मर रहे थे वहीं केंद्र की मोदी सरकार चुनावी रैलियों में व्यस्त थी। घोघरा ने केंद्र सरकार से विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से बताये गए 47 लाख लोगों के परिवारों को प्रति परिवार 4 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। वहीं उन्होंने कहा कि इस मांग को पूरा करने के लिए यूथ कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किये जाएंगे
घोघरा ने केंद्र की मोदी सरकार को महंगाई के मुद्दे पर भी आड़े हाथो लिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में महंगाई कम करते हुए अच्छे दिन लाने का दावा किया था लेकिन आज देश में महंगाई बढ़ती जा रही है। देश में पेट्रोल-डीजल और घरेलु गैस के दाम लगातार बढ़ने से आम आदमी की कमर टूट गई है। घोघरा ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.