क्षेत्र के गांव भूकरका के समीप एक जोहड़ में नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सूखे जोहड़ से नर कंकाल बरामद कर उसे मोर्चरी में रखवाया। शव करीब 15 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। भूकरका निवासी मानवेन्द्र सिंह ने सूखे जोहड़ में नर कंकाल होने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने भूकरका गांव की रोही स्थित 3 बीकेके के सूखे पड़े जोहड़ में जाकर देखा तो वहां एक नर कंकाल पड़ा था। थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो पाई हैं। वह पूरी तरह सड़ी-गली हालत में हैं। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया हैं। शव के दोनों पैर और खोपड़ी अलग-अलग पड़ी थी। संभवत: जानवरों ने उसे नोच खाया। जोहड़ में नर कंकाल मिलने की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस नर कंकाल के पास ही हरियाणा निर्मित शराब व कीटनाशक की खाली बोतल भी मिली है। मौके पर से पुलिस को कुछ पुराने कपड़े भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.