शहर के मोरीजा रोड स्थित एक निजी होटल में शनिवार को जयपुर जिला देहात सेवादल कार्यकारिणी, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की मीटिंग का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी के सानिध्य एवं जिलाध्यक्ष सेवादल लल्लूराम सैनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठनात्मक मुद्दों समेत आजादी गौरव यात्रा को लेकर चर्चा की गई।
पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी ने कहा कि आजादी के बाद आज केंद्र की भाजपा सरकार की असफल नीतियों के खिलाफ देश में संविधान की एवं देश की रक्षा के लिए सबसे बड़ी आजादी की गौरव यात्रा है। जिसमें कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को भागीदारी करनी चाहिए। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि सेवादल के जयपुर संभाग प्रभारी राजेंद्र सिंह आडवाना ने कहा कि आजादी के दीवानों को याद करने के लिए गुजरात के गांधी आश्रम से दिल्ली के राजघाट तक 1171 किलोमीटर गौरव यात्रा लगभग 750 किलोमीटर तक राजस्थान से गुजरेगी।
इसलिए सेवादल के प्रत्येक पदाधिकारी की बड़ी जिम्मेदारी बनती है। जयपुर जिला प्रभारी कमल सिंह यादव ने संबोधित करते हुए कहां कि भाजपा की केंद्र सरकार के पास देश चलाने की ना तो कोई नीति है और ना ही जनहित के लिए नियत है। सेवादल प्रदेश सचिव मास्टर श्याम शर्मा ने कहा कि देश में अंग्रेजी कुशासन के खिलाफ गांधी की दांडी यात्रा ने इतिहास रचा था। आज केंद्र की भाजपा सरकार की तानाशाही के खिलाफ आजादी की गौरव यात्रा नया इतिहास रचने जा रही है। सेवादल जिलाध्यक्ष लल्लूराम सैनी ने सभी जिला पदाधिकारियों, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों,ब्लॉक अध्यक्षों को जिम्मेदारी देते हुए कहा कि आजादी की गौरव यात्रा में भाग लेना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने बताया कि आगामी 15 मई को आमेर में आजादी की गौरव यात्रा का स्वागत किया जाएगा। बैठक में प्रदेश सेवादल कोषाध्यक्ष आरपी मीणा, यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष हरफूल कुमावत, प्रफुल्ल विजयवर्गीय, ताराचंद घोसल्या सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.