कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन पर सवाल को लेकर खेल मंत्री अशोक चांदना भड़क गए। पत्रकारों ने लोगों की तय संख्या से ज्यादा भीड़ को लेकर पूछा तो मंत्रीजी का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने कहा कि काउंटिंग कर लो और केस दर्ज करवा दो। कोरोना प्रोटोकॉल टूटने पर उन्होंने उल्टे मीडिया पर सवाल उठा दिए। कहा, 'क्या आप प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हो। जिनके घर शीशे के होते हैं, उनको दूसरे के घर पर पत्थर नहीं फेंकना चाहिए। पहले आप कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करिए।' चांदना चौमूं नगरपालिका के कार्यक्रम में आए थे।
यही नहीं जब उनसे कहा गया कि आप जिम्मेदार मंत्री हैं तो उन्होंने बेतुका बयान देते हुए कहा कि मेरे भाटा (पत्थर) मार लो। क्या बात कर रहे हो। फालतू के सवाल पूछते हो। मैंने मास्क नहीं लगा रखा है क्या। जब उनसे कहा कि आपने कार्यक्रम में मास्क नहीं लगा रखा था। तो उन्होंने कहा कि चाय, पानी पीयूंगा तो मास्क के ऊपर से पीयूंगा क्या। जब उसने ज्यादा भीड़ को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि पब्लिक के गले पड़ूं क्या। इसके आगे उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की है, इसे देश और जनता की भलाई के लिए लगाओ। विवाद पैदा करने के लिए नहीं।
दरअसल, चौमूं नगरपालिका में कांग्रेस बोर्ड का 1 साल का कार्यकाल पूरा होने पर कार्यक्रम में खेल मंत्री अशोक चांदना ने शिरकत की। कार्यक्रम में 200 से ज्यादा लोगों की भीड़ देखने को मिली, जबकि सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन में अधिकतम 100 लोगों की संख्या तय की गई है। अशोक चांदना कार्यक्रम में मंच पर बिना मास्क नजर आए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी और नगरपालिका चेयरमैन विष्णु सैनी सहित कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.