जिले के बांदीकुई पुलिस थाने में एक महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने 31 दिसंबर की घटना बताते हुए एक महिला समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाकर एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे कार से चंबल घाटी इलाके में एक मकान पर ले गए जहां चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकल घर पहुंची तथा घटना के बारे में बताया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर से रूठकर गई थी पीड़िता
एफआईआर के अनुसार पीड़िता का 31 दिसंबर को उसकी सास व पति से झगड़ा हो गया था। इससे रूठकर वह शाम करीब 4 बजे शौच जाने का बहाना कर ससुराल से पैदल ही निकल गई। करीब आधा किलोमीटर पैदल चलने पर रास्ते में उसे पड़ोस के गांव की महिला सीमा शर्मा मिली। सीमा उसे पास ही स्थित अपने घर ले गई जहां महिला ने नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाकर उसे अचेत कर दिया। इसके बाद महिला ने अपने जेठ के लड़के अशोक शर्मा को वहां बुलाकर कमरे में भेज दिया। जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म कर फिर से कमरे में बंद कर दिया।
कार में बंधक बनाकर ले गए
पीड़िता ने एफआइआर में बताया है कि अगले दिन सीमा व अशोक उसे बंधक बनाकर कार से चंबल घाटी क्षेत्र में किसी अज्ञात जगह ले गए। इस दौरान इनके साथ रामावतार शर्मा, पिंटू शर्मा, ऋषिकेश मीणा व कमल मीणा नाम के शख्स भी कार में सवार थे जिन्होंने एक सूने मकान के कमरे में उसे बंद कर दिया। जहां सभी आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया व नशीला पेय पिलाकर सुला दिया। काफी देर बाद जब पीड़िता की आंख खुली तो रात का टाइम था। जहां से वह जैसे-तैसे जान बचाकर गुपचुप तरीके से घर के लिए निकल गई। बाद में उसने घर पहुंचकर घटना के बारे में परिवार वालों को बताया।
मेडिकल कराकर बयान दर्ज किए
बांदीकुई डिप्टी एसपी उदय सिंह ने बताया कि प्रकरण दर्ज होने के बाद पीड़िता का मेडिकल कराकर बयान दर्ज किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.