प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरोध में बुधवार को भाजपा ने जन आक्रोश रैली निकाली। जिले भर के कार्यकर्ता बस डिपो के सामने स्थित वीर हनुमान मंदिर परिसर में जुटे। जहां सभा करने के बाद नारेबाजी करते हुए रैली के रूप कलक्ट्रेट पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को धकेलते हुए बाहर ही रोका। इसके बाद ज्ञापन देने के लिए चुनिंदा पदाधिकारियों को अंदर लिया तो दर्जनों कार्यकर्ता धक्का-मुक्की करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में घुस गए। भीड़ को घुसता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को कलेक्ट्री का दरवाजा बंद करना पड़ा। इसके बाद पदाधिकारी कलेक्ट्री के अंदर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ रतन तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप एक भी काम नहीं किया है। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता के नाम पर छला है। बिजली के बिल में फ्यूल सरचार्ज लगाकर गरीबों के साथ धोखा किया है, जिससे आम उपभोक्ता के बिजली के बिल बढ़े हुए आ रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरा तरह से चौपट हो गई है। राज्य में घोटाले पर घोटाले उजागर हो रहे हैं और सरकार के विधायक ही अपने मंत्रियों पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी सरकार को बचाने का जुगाड़ कर रहे हैं।
प्रदेश में आये दिन दुष्कर्म, हत्या, लूटपाट व मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। वहीं प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा ने कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग रखी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.