जिले में पिछले कई दिनों से जारी सर्दी का असर अब और तेज हो गया। यहां गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। देर सुबह तक भी कोहरे की चादर छाई रही। सुबह से ही सूर्यदेव भगवान ने दर्शन नहीं दिए और सर्द हवाओं ने लोगों को कंपा कर रख दिया। हाईवे पर वाहन दिखाई नहीं दिए। शहर के बीच गांधी तिराहे पर भी वाहन लाईट जलाकर गुजरते देखे गए। शीतलहर से लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया, लोग ठिठुरते रहे। खास कर गांवों में स्कूल जाने वाले छोटे बालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में सुबह से ही जगह-जगह लोग अलाव जला कर तापते नजर आए।
वहीं बाजारों से सुबह दुकानें देरी से खुली। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे फिर भी सर्दी से धूजणी लगी रही। इधर चाय की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ नजर आई। तापमान का पारा भी पांच डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह फसलों के पत्तों पर ओस की बूंदे भी जमी दिखाई दी। यहां मावठ के बाद एकाएक तापमान में हुई गिरावट के बाद बढ़ी सर्दी ने लोगों के कंपकंपी छुड़ाकर रख दी है। हालात यह हैं कि बंद कमरे में भी लोगों के धूजणी छूटती रही। सर्दी के कहर के चलते लोगों का जनजीवन और दिनचर्या प्रभावित हुई।
वीडियो: भास्कर जैमन, दौसा
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.