गंगापुर सिटी में शुक्रवार देर शाम राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीना करौली से जयपुर जाते समय स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले। लोगों की ओर से गंगापुर सिटी शहर में बढ़ रहे स्मैक, चरस, गांजा सहित अन्य नशे के कारोबार की शिकायत की गई। सांसद मीना ने गंगापुर सिटी पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि गंगापुर शहर में स्मैक, चरस, गांजा, अफीम जैसी नशीली पदार्थों का जमकर बिक्री हो रही है। कई युवा इसकी लत के शिकार हो चुके है। कई परिवार बर्बाद हो चुके है। पुलिस प्रशासन के खिलाफ सख्त कदम उठाएं, अन्यथा मजबूरन सर्व समाज के लोगों को लेकर आंदोलन करना पड़ेगा।
वहीं, सांसद मीना ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पंजाब फिरोजपुर रैली के दौरान सुरक्षा में चूक गंभीर विषय है। इसमें दोषी लोगों पर सख्त कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है, जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश की जनता सब देख रही है, कांग्रेस को सबक सिखाएगी। प्रधानमंत्री किसी दल का नहीं देश का होता है, मोदी ने भारत का मान सम्मान विश्व में बढ़ाया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.