मतदाता दिवस पर मंगलवार को आयोजित उपखंड स्तरीय कार्यक्रम शहर के मोहन नगर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित किया गया। इसमें एसडीम अनूप सिंह ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र का आधार होता है। सभी मतदाता मतदान के प्रति जागरूक रहकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाएं। हिंदुस्तान दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और लोकतंत्र की सफलता के लिए मतदाताओं का जागरूक रहना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत का निर्वाचन आयोग जिसके पास खुद की कोई मशीनरी नहीं होने के बावजूद भी देशभर में चुनावों का सफल आयोजन होता है जो दुनिया के बड़े से बड़े देशों के लिए एक शोध का विषय भी है। अमेरिका जैसे देश भी भारत में चुनाव संपन्न होने की प्रक्रिया पर विचार और शोध करने को मजबूर है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर परिषद के सभापति बृजेश जाटव ने भी मतदाताओं की जागरूकता को लेकर और लोकतंत्र में मतदाताओं के महत्व को लेकर प्रकाश डाला।
चुनाव के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विधानसभा क्षेत्र के 10 बीएलओ को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपखंड के नव पंजीकृत 7 मतदाताओं को मतदाता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजवीर सिंह ने किया वही कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सीमा जादौन सहित उपखंड क्षेत्र के लगभग सभी बीएलओ और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.