करौली जिला मुख्यालय सहित क्षेत्र में सर्दी का सितम लगातार जारी है। गुरुवार को भी लगातार चौथे दिन क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी का स्तर 10 मीटर से भी कम रह गया। सुबह 10 बजे तक भी कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर धीमी गति से निकलना पड़ा। हालांकि, सुबह करीब 10:30 बजे तक मौसम पूरी तरह साफ हो गया और धूप खिल गई। घने कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। अधिकतर ट्रेन धीमी गति से निर्धारित समय से पीछे चल रही है।
घने कोहरे के साथ चल रही सर्द हवाओं ने लोगों की धूजणी छुड़ा दी है। लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित है। ठंड, सर्द हवा और कोहरे के कारण रोज काम पर जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को भी दिनभर क्षेत्र में बादल छाए रहे और सर्द हवाओं की वजह से लोग परेशान नजर आए। क्षेत्र में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री एवं अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री रहा। सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.