जयपुर में सड़क दुर्घटना में सिर्फ पांच दिन के एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा अपनी मां के आंचल में दुबका था। पिता बाइक चला रहा था। बच्चे की तबियत कुछ खराब थी उसे डॉक्टर को दिखाने के बाद दम्पत्ति वापस लौट रहे थे। इस दौरान एक कार ने टक्कर मार दी और बच्चे की सड़क पर गिरने से मौत हो गई। पूरा घटनाक्रम मुहाना थाना इलाके में देर रात का है। घटना के दौरान गश्त पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार का पीछा कर कार चालक को पकड़ा। वहीं, घायलों को अस्पताल में लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सांगानेर थाना क्षेत्र में रहने वाले अर्जुन कुमार अपनी पत्नी और पांच दिन के बच्चे के साथ अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह सड़क दुर्घटना हुई। पुलिस ने कार में सवार दो युवकों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आज मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद पुलिस 5 दिन के बच्चे का शव परिजनों को सौंपा गया।
पिता बोला बड़ी मन्नतों से मिला था बेटा
बच्चे के पिता अर्जुन ने बताया कि उनकी शादी को हुए चार साल से अधिक का समय हो गया था। बच्चे के लिए वह कई मंदिरों में मन्नत मांग चुके थे। जिसके बाद पांच दिन पहले ही उनके घर खुशियां आई थी। लेकिन क्या पता था की जिसके लिए मन्नते मांगी वह पांच दिन भी उनके साथ नहीं रहेगा। अर्जुन की रिपोर्ट पर मुहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.