जयपुर में युवक ने खुद को लगाई आग:घर के बाहर पेट्रोल उड़ेलकर जलाई माचिस, चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने दौड़े परिजन

जयपुर10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
भांकरोटा इलाके में परिवारिक कलह के चलते परमवीर सिंह ने खुद को आग लगा ली। (डेमो पिक) - Dainik Bhaskar
भांकरोटा इलाके में परिवारिक कलह के चलते परमवीर सिंह ने खुद को आग लगा ली। (डेमो पिक)

जयपुर में शुक्रवार देर रात एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश की। घर के बाहर पेट्रोल उड़ेलकर खुद को आग के हवाले कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों ने आग पर काबू पाया। भांकरोटा थाना पुलिस ने गंभीर झुलसी हालत में युवक को SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में परिवारिक कलह के चलते आत्मदाह का प्रयास करना सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि बिंदायका क सुमन विहार नीमेड़ा निवासी परमवीर सिंह (30) ने आत्मदाह का प्रयास किया। रात करीब डेढ़ बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। घर के बाहर पहुंचकर खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर शोर मचाने लगा। देखते ही देखते कुछ ही देर में उसने जेब से माचिस निकालकर खुद को आग लगा दी। परमवीर के चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने के लिए परिजन दौड़े।

परिजनों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। सूचना पर भांकरोटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। झुलसी हालत में उसे तुरंत SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पुलिस का कहना है कि आग से परमवीर करीब 30 प्रतिशत झुलस गया है। SMS हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में परिवारिक कलह के चलते ऐसा कदम उठाना सामने आया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।