पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
बीजेपी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी में अगर कोई गड़बड़ करता है तो उसे बुलाएंगे, समझाएंगे और डांटेंगे। सिंह ने प्रदेश संगठन से नाराज चल रहे विधायकाें और पूर्व विधायकाें से मुलाकात की। विधायकाें के नाराजगी के मुद्दाें पर चर्चा की और उन्हें दूर करने का आश्वासन भी दिया।
इसमें सदन में बाेलने के मामले में पक्षपात का आराेप लगाने वाले विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, कालीचरण सराफ और नरपत सिंह राजवी भी शामिल रहे। इन मुलाकाताें का दौर एमएनआईटी मालवीय नगर में चला। बताया जा रहा है कि इन सभी ने खुद को संगठन द्वारा दरकिनार करने के आरोप लगाए। सिंह ने साफ तौर पर कहा कि आपकी बात वाजिब हो सकती है, मगर आप सभी वरिष्ठ नेता हैं, इसलिए ऐसी बयानबाजी से बचें, जिससे पार्टी को नुकसान हो।
बताया जा रहा है कि विधायक नरपत सिंह राजवी, कालीचरण सराफ और प्रताप सिंह सिंघवी से सिंह ने चिट्ठी लिखने की वजह जानी। साथ ही विधायकों ने भी सिंह को अपनी पीड़ा बताई। पूर्व विधायक एवं मंत्री राजपाल सिंह, युनूस खान और अशोक परनामी ने भी सिंह से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं ने प्रदेश प्रभारी को कहा कि संगठन में वरिष्ठता को दरकिनार किया जा रहा है, जिसके कारण कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जा रहा है। इससे आने वाले समय में पार्टी को नुकसान हो सकता है।
अराजकता का माहौल हो गया है, अभी तीन साल और लड़ाई लड़नी पड़ेगी : वसुंधरा
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दिल्ली से जयपुर जाते समय बहरोड़ ठहरीं। राजे ने कहा कि राजस्थान में अराजकता का माहौल हो गया है। अभी 3 साल बाकी हैं, हमें और लड़ाई करनी पड़ेगी। सच्चाई की लड़ाई लड़ने से हमें कोई नहीं रोक सकता। आने वाले समय में पूरी पार्टी अर्थात हमारा पूरा परिवार एकजुट होकर अन्याय करने वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और उन्हें हटाने का काम जरूर करेंगे। अभी तो मुझे राजस्थान के सिंहद्वार में घुसने का मौका मिला है। यह तो सिर्फ शुरुआत है, बहुत कुछ करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को भाजपा पार्टी और उसके कार्यकर्ता ही रोक सकते हैं।
राजे की गाड़ी पोर्च में नहीं पहुंच सकी
वसुंधरा राजे बैठक शुरु हाेने के बाद बीजेपी ऑफिस पहुंची । उनकी गाड़ी सीधे पोर्च तक नहीं पहुंच सकी। पोर्च में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां की गाड़ी खड़ी थी। राजे का स्टाफ पहले ही पहुंच गया था, जिससे पाेर्च में लगी गाड़ी काे हटवाया जा सके। पर माैके पर पूनियां के गाड़ी का ड्राइवर ही नहीं था।
तब तक राजे बीजेपी कार्यालय के परिसर में एंट्री कर चुकी थी। राजे की गाड़ी पहले ही रुक गई। वह गाड़ी से उतरकर पैदल ही बैठक कक्ष की तरफ चली गई। बैठक के बाद भी वसुंधरा राजे मुख्यालय के अंदर गाड़ी में नहीं बैठी और गेट के बाहर तक पैदल चलकर गई। इस बीच बड़ी संख्या में समर्थक उनके जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चले। पूरा मीडिया पीछे चला और प्रभारी व सतीश पूनियां काे पीसी शुरु करने के लिए इंतजार करना पड़ा।
6 से 14 मार्च तक मंडल व तहसील स्तर पर होंगे आंदोलन
बीजेपी कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रभारी अरुण सिंह ने गहलोत सरकार काे हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि कोर कमेटी में हमने प्रदेश सरकार के कुशासन पर चर्चा के बाद निर्णय किया है कि 6 से 14 मार्च तक सभी मंडल और तहसील स्तर पर सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में मोदी सरकार की योजनाओं को जन - जन तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई। खासकर किसानों के बीच जाकर उनके हित को लेकर मोदी सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कांग्रेस की नीति को एक्सपोज किया जाएगा।
राजस्थान के नेता भी दूसरे राज्याें में प्रचार के लिए जाएंगे
अरुण सिंह सिंह ने कहा कि कई राज्यों में आगामी दिनों में होने वाले चुनाव में भाजपा को सफलता मिलेगी। पश्चिमी बंगाल में बहुमत के साथ सरकार बनेगी। असम और पुडुचेरी में भी भाजपा की सरकार बनेगी। तमिलनाडू और केरल में भी अप्रत्याशित रूप से बढ़ोतरी मिलेगी। कांग्रेस का देश में सूपड़ा साफ होता जा रहा है। राजस्थान के नेता भी अन्य राज्यों के चुनाव में प्रचार के लिए जाएंगे।
हमारा एक ही गुट है भाजपा
सिंह ने कहा कि पार्टी में गुटबाजी मीडिया की देन है। इतनी बड़ी पार्टी है, ऐसी बातें होती रहती है, इसे गुटबाजी से नहीं जोड़ना चाहिए। हमारा एक ही गुट है भाजपा। उपचुनाव को लेकर सिंह ने कहा कि पार्टी में सभी नेता एक साथ बैठकर चर्चा कर रहे हैं और हम चुनाव जीतेंगे। वसुंधरा राजे की धार्मिक यात्रा की कोई जानकारी नहीं है।
पॉजिटिव- आज समय कुछ मिला-जुला प्रभाव ला रहा है। पिछले कुछ समय से नजदीकी संबंधों के बीच चल रहे गिले-शिकवे दूर होंगे। आपकी मेहनत और प्रयास के सार्थक परिणाम सामने आएंगे। किसी धार्मिक स्थल पर जाने से आपको...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.