इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्त बनीं 2 लड़कियों की जोड़ी धूम मचा रही है। हनी सिंह-बादशाह की स्टाइल में गाकर खूब वाहवाही लूट रही हैं। रैप सॉन्ग और बीटबॉक्सिंग के खास अंदाज इनकी पहचान बन चुकी है। ये दोनों जयपुर के एक निजी यूनिवर्सिटी में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई कर रही हैं।
यूपी के गोरखपुर की रहने वाली तानया यादव उर्फ तनाया डी और बिहार के रोहतास की रहने वाली अंजली यदुवंशी (ऐजे) की जोड़ी इंस्टा की स्टार जोड़ी बन चुकी है।
सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली इन लड़कियों ने तमाम बाधाओं के बाद भी सफलता पाई। इनके एक वीडियो पर 10 ऐड दिखाए जाते हैं। महीने भर में करीब 1 लाख रुपए खाते में आ रहे हैं। दोनों 2 महीने पहले ही जयपुर आई हैं। पढ़िए, उन्हीं की जुबानी सफलता की कहानी।
यू-ट्यूब पर वीडियो देख गाना शुरू किया
मेरा नाम तानया है। मैं गोरखपुर की रहने वाली हूं। मैं मीडियम फैमिली से बिलॉन्ग करती हूं। मानसरोवर (जयपुर) के एक निजी यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी कोर्स कर रही हूं। पापा गांव में गाय पालते हैं। दूध बेचकर घर का खर्च चलता है। करीब दो साल पहले यू-ट्यूब देख रही थी। तभी रैपर कार्डी बी का एक रैप सॉन्ग सुना। वह इतना पसंद आया कि मैंने भी रैप सॉन्ग लिखना शुरू कर दिया। यू-ट्यूब में रैपर्स के सैकड़ों वीडियो देखे। रैप की प्रैक्टिस शुरू की। टीचर्स डे पर पहली बार परफॉर्म किया। अफसोस, यह किसी को समझ नहीं आया। हां, इतना जरूर था कि अंदाज और रैप का स्टाइल सबको पसंद आया। इसके बाद तीन से चार घंटे प्रैक्टिस करने लगी। शुरुआत में हॉबी लगती थी। जब रिस्पॉन्स आने लगा, तब रैप सॉन्ग गाने लगी। इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट डालनी शुरू की।
पहले लोगों ने मजाक उड़ाया
मेरा नाम अंजली यादव है। मैं बिहार के रोहतास की रहने वाली हूं। मैंने बीटबॉक्सिंग को पहले चैनल्स पर रियलिटी शो में देखा था। तब मुझे लगा कि ये अनोखी कला है। गूगल सर्च किया। देखा कि बीटबॉक्सिंग करने वाली बहुत ज्यादा लड़कियां नहीं हैं। तब इसमें और ज्यादा रुचि हो गई। इसे चुनौती के रूप में लिया और सीखना शुरू किया। दो से तीन घंटे तक प्रैक्टिस करती थी। इसी बीच मेरी पहचान तानया से हो गई। वह भी संघर्ष कर रही थी। हमारे जानने वाले ही मजाक उड़ाते थे। आज ऐसे लोग हमारे फॉलोअर हैं, जो कल मजाक बनाते थे। आज हमारे वीडियो 10 लाख से ज्यादा देखे जा चुके हैं। इसी को देखते हुए इंस्टाग्राम ने हमें अपना फेस बनाया है। इंस्टा के विज्ञापन में हमारे रैप सॉन्ग और बीट बॉक्सिंग देख लोग खूब पसंद कर रहे हैं। अक्टूबर में इंस्टाग्राम ने तानया के इंस्टा प्रोफाइल पर उसके रैप के वीडियो देखे। तब अपने विज्ञापन में मौका देने के लिए कॉन्टैक्ट किया। तानया मुझे अपने साथ ले गई। इंस्टा ने दोनों को एक साथ सुना। इसके बाद अपने विज्ञापन में तानया के रैप और मेरी बीट बॉक्सिंग को जलवा बिखेरने का मौका दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.