राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के ओबीसी प्रकोष्ठ ने आज दिन में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोटर साईकिल की शव यात्रा निकाली। इस दौरान पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका।
प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेन्द्र सेन के नेतृत्व में ये प्रदर्शन हुआ। इसमें महामंत्री भंवर लाल विश्नोई, भवानी शंकर माली, जिला संयोजक अजय सैनी सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। यहां सबसे पहले कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय से संसार चंद्र रोड तक मोटरसाइकिल की शव यात्रा निकाली। इस शव यात्रा पर मोटर साईकिल के ऊपर पेट्रोलिय मंत्री का पुतला भी रखा था। इसके बाद संसार चंद रोड पर पहुंचकर सभी ने केन्द्र की मोदी सरकार और पेट्रोलिय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसके बाद मंत्री का पुतला फूंका।
इस मौके पर प्रदेश संयोजक ने कहा कि आज रसोई गैस के दामों में बेहताशा बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे मध्यम वर्ग के परिवार का जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। बढ़ती महंगाई के कारण आज गरीब तबका आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहा है। इन सबके बावजूद केन्द्र सरकार पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सहित अन्य जरूरी उपभोग की चीजों के दामों को कंट्रोल करने के बजाए उन्हें बढ़ा रही है। इसका सीधा असर आमजनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारा प्रदर्शन का उदेश्य जनता की वाजिब मांग को उठाना और केन्द्र की मोदी सरकार को महंगाई के प्रति सचेत करना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.