जयपुर में 26 फीट ऊंचाई से गिरा युवक, मौत:दीवार पर सोते समय नीचे गिरा, सुबह स्कूल परिसर में मिली लाश

जयपुर7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
नाहरगढ़ इलाके में परकोटे की 26 फीट ऊंची दीवार से गिरने से युवक की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar
नाहरगढ़ इलाके में परकोटे की 26 फीट ऊंची दीवार से गिरने से युवक की मौत हो गई।

जयपुर में रविवार सुबह स्कूल परिसर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार रात को वह परकोटे की दीवार पर सोया था। करवट बदलने से 26 फीट नीचे जमीन पर आ गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया है।

SHO देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक सुभाष अजमेरा (40) पुत्र बनवारी लाल फतेहराम का टीबा नाहरगढ़ का रहने वाला था। वह मजदूरी कर जीवन यापन करता था और शराब पीने का आदी था। शनिवार रात को शराब के नशे में आनंदगढ़ के परकोटे में पहुंचा था। शराब के नशे में रात को आनंदगढ़ परकोटे की दीवार पर सो गया। परकोर्ट की दीवार एक तरफ से डेढ़ फीट और दूसरी तरफ 26 फीट ऊंची है। सोते समय देर रात करवट बदलने पर वह 26 फीट नीचे स्कूल परिसर में जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लाश मिलने से फैली सनसनी
सुबह करीब 8 बजे स्कूल परिसर में लहूलुहान हालत में युवक का शव पड़ा मिला। लाश मिलने का पता चलने पर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने मौका-मुआवना कर सिटी FSL टीम को बुलाया। FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए गए। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि मृतक शराब के नशे में था। रात को दीवार पर सोते समय युवक राइट हेड के बल नीचे गिरा। जिससे उसका हाथ टूट गया और लहूलुहान होने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को हॉस्पिटल की मॉच्यूरी भिजवाया।