शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के महिला शिक्षकों को लेकर दिए बयान पर बवाल हो गया है। राज्य की महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने डोटासरा को मूर्ख बताया। उनसे इस्तीफा भी मांग लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का यह बयान पार्टी की मानसिकता दर्शाता है। उन्हें माफी मांगते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। उधर, उनके इस बयान को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बेतुका और शर्मनाक बताया है।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर डोटासरा ने कहा था कि महिला कर्मचारी आपस में बहुत लड़ती हैं। जिन स्कूलों में महिला शिक्षकों और कर्मचारियों की संख्या ज्यादा होती है, वहां झगड़े भी ज्यादा होते हैं। मेरे पास ऐसी रिपोर्ट आती है। यही बातें, उन्हें पुरुषों से आगे निकलने से रोकती हैं। डोटासरा ने चुटकी लेते हुए आगे कहा, 'महिलाओं के झगड़ों के कारण प्रिंसिपल को सिर दर्द की गोली तक खानी पड़ती है।'
राजस्थान में कांग्रेस का कल्चर ही करप्ट हो चुका है
सुमन शर्मा ने कहा- एक मूर्ख मंत्री ने इस प्रकार का बयान दिया है, जिसकी हम सब निंदा करते हैं। मुझे राजस्थान सरकार के मंत्रियों पर बहुत ही शर्म आती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षामंत्री डोटासरा कहते हैं कि जहां महिलाएं एकत्रित होती हैं, वहां लड़ाई-झगड़े होते हैं। शर्म आनी चाहिए उनको। वे शिक्षा मंत्री हैं। महिलाओं के लिए ऐसे बयान देते हैं। मुझे लगता है कांग्रेस का कल्चर ही करप्ट होता जा रहा है। महिलाओं को अपमानित करना और उनके लिए अनर्गल बयानबाजी करना ही कांग्रेस का उद्देश्य रह गया है।
उन्होंने आगे कहा- राजस्थान में इनकी संवेदनहीनता का उदाहरण है कि महिला आयोग के अध्यक्ष जैसे पद को इन्होंने खाली रखा है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि राजस्थान की बहन-बेटियां रोती रहें और तड़पती रहें, लेकिन इनके चेहरे पर शिकन तक नहीं आने वाली। मूर्ख मंत्री का ये बयान पूरी महिला जाति का अपमान है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। इसका खामियाजा अब प्रदेश की महिलाओं को उठाना पड़ रहा है।
सुमन शर्मा ने आगे कहा- डोटासरा को सार्वजनिक मंच से महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी राजनेता महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी करने से पहले हजार बार सोचे।
केंद्रीय मंत्री ने भी बयान को बेतुका बताया
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने डोटासरा के बयान को बेतुका बताया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष ने इस तरह का बयान देकर महिलाओं की क्षमता पर सवालिया निशान लगाया है। शिक्षा मंत्री होकर इस तरह का बयान देना शर्मनाक है। इसे प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.