राजस्थान कांग्रेस और बीजेपी की महिला विधायक पहली बार एक साथ मंच पर घूमर करती दिखीं। मंच पर दोनों पार्टियों की चार महिला विधायकों को एक साथ डांस करता देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल केरल में आजादी के अमृत महोत्सव पर महिला विधायकों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें देशभर से महिला विधायक शामिल होने पहुंची हैं। राजस्थान से भी कांग्रेस और बीजेपी की 10 विधायक केरल गई हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश, कांग्रेस विधायक मनीषा पंवार, बीजेपी विधायक अनिता भदेल और दीप्ति माहेश्वरी ने परफॉर्मेंस दी। बेस्ट परफॉर्मेंस के लिए राजस्थान की महिला विधायकों को अवाॅर्ड दिया गया। इसका वीडियो उन्होंने भास्कर के साथ शेयर किया है।
राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन (26 मई) सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान को रिप्रजेंट करने का मौका मिला था। इस दौरान हमने राजस्थानी संस्कृति को दिखाने के लिए घूमर किया था। ताकि प्रदेश के लोक गीत और डांस को देशभर में पहुंचाया जा सके।
दरअसल, इनमें कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश, विधायक कल्पना देवी, मनीषा पंवार, साफिया जुबेर, गंगा देवी, इंदिरा मीणा, गायत्री त्रिवेदी, प्रीति शक्तावत, अनीता भदेल और दीप्ति माहेश्वरी शामिल हैं। तीन दिन तक चलने वाले सम्मेलन में महिलाओं की भारत में वर्तमान स्थिति के साथ ही राजनीति में भागीदारी और भविष्य पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के पहले दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी महिला विधायकों को संबोधित किया।
केरल में चल रहे सम्मेलन में 26 मई को संविधान और महिलाओं के अधिकार व दूसरे सत्र में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। वहीं, शुक्रवार को दूसरे दिन के सत्र में महिलाओं के अधिकार और विधिक कमियों पर चर्चा की जा रही है। इसके बाद सम्मेलन के आखिरी दिन निर्णय निर्माण निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व की कमी संबंधी विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.