सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त फौजी के साथ धोखाधड़ी कर 3 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बिहार में भोजपुर आरा जिले के रहने वाले हरिनंद सिंह ने खोहनागोरियान थाने में केस दर्ज करवाया है। जिसमें बताया वह सेवानिवृत्त फौजी है। अभी ग्रेटर नोएडा, यूपी में एक हॉस्पिटल में जॉब करते हैं।
हरिनंद सिंह ने FIR में बताया कि अगस्त 2017 से जून 2020 तक वह जयपुर में जगतपुरा स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक विभाग में जॉब करते थे। तभी जेएनयू में कैंटीन संचालक सुबोध चौधरी से उनकी पहचान हुई थी। हरिनंद सिंह का आरोप है कि सुबोध चौधरी कई राजकीय विभागों में और राजनेताओं व अफसरों से अच्छी जान पहचान बताता था।
फरवरी 2020 में मांगे थे 3 लाख रुपए
उसने हरिनंद सिंह के बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसकी एवज में 3 लाख रुपए की डिमांड की। विश्वास में आकर पीड़ित ने फरवरी, 2020 में 3 लाख रुपए सुबोध को दे दिए। इसके बाद कई महीने गुजरने पर भी नौकरी नहीं लगवाई। इस बीच कई महीनों तक लॉकडाउन की वजह से उनका संपर्क नहीं हो सका। सुबोध ने फोन भी उठाना बंद कर दिया।
परिवादी ने 16 मार्च 2021 को रुपए लौटाने को कहा तो वह धमकाने लगा और अब रुपए लौटाने से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि मार्च माह में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए डाक के जरिए खो-नागोरियान थाने में शिकायत भेजी। लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। तब कोर्ट इस्तगासे के जरिए केस दर्ज करवाया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.