- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaipur
- Swiss Ambassador Maya Tissafi & Comedian Ali Asgar Visit Jaipur | Photos
जयपुर पहुंचीं स्विस राजदूत, अली असगर भी दिखे:स्किल डेवलपमेंट और निवेश के मुद्दों पर राजस्थान के अधिकारियों से करेंगी मुलाकात; कॉमेडियन देंगे लाइव परफॉर्मेंस
- कॉपी लिंक

जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को विदेशी मेहमान और बॉलीवुड कलाकारों की आवाजाही देखने को मिली। स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिसाफी प्रोटोकॉल के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकलती नजर आईं।
पिछले कुछ सालों से राजस्थान के साथ कौशल विकास और निवेश से जुड़े विषयों पर संपर्क बनाए रखने वाली माया तिसाफी का इस बार भी प्रदेश सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधियों से मुलाकात का कार्यक्रम है।
वहीं, दूसरी ओर बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन अली असगर भी एयरपोर्ट पर अपने चिर-परिचित कूल अंदाज में नजर आए।
एयरपोर्ट पर उन्होंने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और इसके बाद होटल के लिए रवाना हो गए। अली असगर जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को गुदगुदाते नजर आएंगे।
यहां देखिए फोटोज…




कौशल विकास और निवेश पर फोकस, जयपुर से पुराना जुड़ाव
स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिसाफी भारत और भूटान में स्विट्जरलैंड की राजदूत हैं। उन्होंने सितंबर 2024 में नई दिल्ली में अपना कार्यभार संभाला था। कूटनीति, शांति स्थापना और विकास के क्षेत्र में उन्हें 30 साल से अधिक का अनुभव है।
इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन में भी स्विट्जरलैंड की राजदूत की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विषयों पर उनका लंबा अनुभव रहा है।
राजस्थान के साथ उनका जुड़ाव विशेष रूप से कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, औद्योगिक निवेश और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को लेकर रहा है। प्रदेश में स्विट्जरलैंड की विशेषज्ञता और तकनीक के सहयोग से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की संभावनाओं पर भी काम हो रहा है।
माया तिसाफी इससे पहले भी राजस्थान का दौरा कर चुकी हैं। फरवरी 2025 में सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2024 के बाद के दो महीनों में उन्होंने राजस्थान के दो दौरे किए थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ मुलाकात की थी। इन बैठकों में ऊर्जा, कौशल विकास, ऑटोमोबाइल, कृषि प्रसंस्करण, फार्मास्यूटिकल्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में स्विस कंपनियों के निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई थी।
जयपुर के कौशल विकास मॉडल में भी दिखाई दिलचस्पी
जयपुर में कौशल विकास के क्षेत्र में स्विट्जरलैंड का सहयोग लंबे समय से देखने को मिल रहा है। शहर में स्थापित भारतीय कौशल विकास विश्वविद्यालय (बीएसडीयू) इसका एक प्रमुख उदाहरण है। इसकी स्थापना राजेंद्र एवं उर्सुला जोशी फाउंडेशन की पहल पर हुई।
यहां स्विट्जरलैंड की व्यावसायिक शिक्षा प्रणाली यानी ड्यूल ट्रेनिंग मॉडल की तर्ज पर युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाता है। इस मॉडल में विद्यार्थियों को कक्षा में सैद्धांतिक शिक्षा के साथ उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
इस बार भी जयपुर दौरे के दौरान प्रदेश सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधियों के साथ उनकी मुलाकात को अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और राजस्थान में स्विस सहयोग की संभावनाएं चर्चा के प्रमुख विषय रहेंगे।
दादी और नानी बनकर दर्शकों के दिलों में बनाई जगह
दूसरी तरफ, एयरपोर्ट पर पहुंचे अभिनेता और कॉमेडियन अली असगर भी अपने प्रशंसकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। अली असगर भारतीय टेलीविजन और बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा हैं।
खास तौर पर कॉमेडी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अली असगर को दर्शक उनके बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग, हाव-भाव और किरदारों को निभाने के अनूठे अंदाज के लिए पसंद करते हैं।
उनके करियर का सबसे चर्चित दौर कपिल शर्मा के साथ रहा। 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में दादी और 'द कपिल शर्मा शो' में नानी के किरदार ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। महिला के गेटअप में निभाए गए इन किरदारों में उनकी कॉमिक टाइमिंग, बोलने का अंदाज और हाव-भाव दर्शकों को खूब पसंद आए।
कई बार उनके संवाद और अंदाज शो की सबसे बड़ी खासियत बन जाते थे। फिल्मों में भी 'चमत्कार', 'खलनायक', 'जोश', 'जोरू का गुलाम', 'पार्टनर', 'तीस मार खान' और 'जुड़वा-2' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
- LIVEजयपुर जिला प्रमुख-उप जिला प्रमुख चुनाव हारे: 9 पंचायत समितियों में बीजेपी का अभी तक खाता नहीं खुला
1:01 - LIVEजयपुर की निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा हारीं: उपजिला प्रमुख भी नहीं जीत पाए; 13 में भाजपा और 9 में कांग्रेस को बढ़त
1:32 - LIVEपंचायत समितियों के शुरुआती नतीजों में कांग्रेस ने चौंकाया: नागौर में हनुमान बेनीवाल की बहन जीतीं; धौलपुर में पोस्टल बैलेट से जीता प्रत्याशी
2:26 चाकसू पंचायत समिति में कांग्रेस को बढ़त,7 वार्डों का रिजल्ट: दो में भाजपा प्रत्याशी जीते; दैनिक भास्कर न्यूज एप पर देखें नतीजे























