राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से बारिश हुई और कड़ाके की ठंड का लोगों को एहसास हुआ। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, नागौर, जोधपुर, गंगानगर में कई जगह अच्छी बारिश हुई। जयपुर में भी तड़के बूंदाबांदी हुई। सबसे ज्यादा जैसलमेर में 12.4MM बारिश दर्ज हुई। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक बारिश का ये दौर 8 जनवरी तक चलने की संभावना है। 7 जनवरी को जयपुर समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की आशंका जताई है।
प्रदेश के अधिकांश शहरों में मंगलवार रात से ही बादल छाने के बाद सर्द हवा चलने लगी। हालांकि तापमान बढ़ने से वातावरण में ठंड का असर कम रहा। गंगानगर, चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ में कल से लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठिठुरन बढ़ गई। इधर, सीमावर्ती जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और नागौर में भी बीती रात से लेकर सुबह तक रुक-रुक हल्की बरसात हुई। सीकर, झुंझुनूं, एनसीआर एरिया अलवर में भी सुबह हल्की बारिश हुई।
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, नागौर, जैसलमेर, जयपुर, अलवर, झुंझुनूं, जोधपुर, बाड़मेर, अजमेर में बारिश दर्ज हुई। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में 6 से लेकर 12MM के बीच बारिश हुई। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर और बादल छाने के बाद करौली को छोड़कर सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया।
फसलों के लिए फायदा
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के डीन डॉ. शीशराम ढाका ने बताया कि इस बारिश से फसलों को अच्छा फायदा होगा। खासकर चना, सरसों, तारामीरा जैसी फसलों को। उन्होंने बताया इस समय गेहूं, सरसों समेत अन्य फसलें खड़ी है और उनको सिंचिंत करने की जरूरत है ,ऐसे में बारिश का पानी मिलने और तापमान भी अनुकूल होने से फसलों की ग्रोथ रेट बढ़ती है।
अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में देर शाम तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इसके बाद 6 जनवरी को भी मौसम ऐसा ही रहेगा, लेकिन बारिश कम होगी। 7 जनवरी से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में बारिश होने के साथ-साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग में भी बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है।
आज प्रदेश के शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
करौली | 24.5 | 8.7 |
धौलपुर | 24.6 | 10.3 |
अलवर | 23.9 | 10.5 |
बारां | 24.9 | 11.2 |
बूंदी | 24 | 11.2 |
चूरू | 23.6 | 11.5 |
जैसलमेर | 23.7 | 12 |
हनुमानगढ़ | 17.5 | 12.1 |
गंगानगर | 18.1 | 12.3 |
सीकर | 23 | 12 |
जयपुर | 24.2 | 13.5 |
उदयपुर | 25 | 13.6 |
बीकानेर | 24.6 | 13.6 |
कोटा | 23.6 | 14.1 |
बाड़मेर | 27.1 | 14.2 |
चित्तौड़गढ़ | 25.7 | 14.3 |
नागौर | 24.7 | 14.4 |
भीलवाड़ा | 24.9 | 14.5 |
पाली | 27 | 15 |
अजमेर | 26.1 | 15.5 |
टोंक | 27.4 | 17.2 |
जोधपुर | 26.8 | 17.3 |
डूंगरपुर | 27.4 | 17.1 |
सिरोही | 27.1 | 18 |
जालौर | 28 | 18.7 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.