राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने अगले 10 महीने में करीब 20 हजार पदों पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत फरवरी से दिसंबर 2022 तक राजस्थान में 11 प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी। इसमें प्रदेशभर के 50 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। चार परीक्षाओं की तारीख का ऐलान कर दिया गया है, जबकि 7 की प्रस्तावित तारीख बताई गई है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के भर्ती कैलेंडर के अनुसार अगले 10 महीने में कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 11 परीक्षाओं का आयोजन करवाएगा। इनमें सहायक जनसंपर्क अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, ग्राम विकास अधिकारी, कंप्यूटर अनुदेशक, प्रयोगशाला सहायक, कनिष्ठ अभियंता, कृषि अभियांत्रिकी पशुधन सहायक, तहसील राजस्व लेखाकार और कनिष्ठ लेखाकार, वनपाल, वनरक्षक, सुपरवाइजर महिला अधिकारिता, कनिष्ठ सहायक लिपिक ग्रेड सेकंड भर्ती परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा। इन परीक्षाओं में 50 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जून तक होगी कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से प्रदेश में पहली बार कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती परीक्षा के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 10,000 से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। फरवरी तक भर्ती विज्ञप्ति जारी कर मई और जून में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही वनपाल और वनपाल रक्षक के पदों की संख्या में बढ़ोतरी कर अक्टूबर में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
आरएएस की तर्ज पर होगी वीडीओ की भर्ती
कर्मचारी चयन बोर्ड ने 3896 पदों पर ग्राम विकास अधिकारी की भर्ती निकाली है, जिसमें टीएसपी (ट्राइबल सब एरिया) के 674 पद और नॉन टीएसपी के 3 हजार 222 पद भरे जाएंगे। यह भर्ती आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) की तर्ज पर होगी। प्री के अंक मेरिट में शामिल नहीं होंगे। 15 गुणा अधिक अभ्यर्थियों को मेन्स के लिए पात्र घोषित किया जाएगा।
लंबे समय से चल रही थी मांग
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने का युवाओं ने स्वागत किया है। जयपुर की अनीता शर्मा ने बताया कि लंबे समय से परीक्षाओं का शेड्यूल जारी नहीं हुआ था। अभ्यर्थी भी असमंजस में थे।अब जब एक साथ 11 परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया गया है। इससे अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है। इनमें 4 भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल तारीख के साथ जारी किया है। 7 की तारीख अभी जारी नहीं की गई है।
दरअसल, बेरोजगारों की ओर से भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। पिछले दिनों राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ ने कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा से मुलाकात कर इस मांग को रखा था।
यह भी पढ़ें- SEBI में निकली भर्ती, फरवरी में परीक्षा, जानिए- ग्रेजुएट पास कैसे करें अप्लाई
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.