प्रदेश में होने वाली भर्तियों में तो सवालों के जवाब पर विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आयोजित दसवीं कक्षा के टर्म-1 एग्जाम में भी अब इसी तरह का विवाद सामने आया है। यह परीक्षा बहुविकल्पी प्रश्नों के आधार पर ली जा रही है।
सीबीएसई ने दसवीं कक्षा के गणित और विज्ञान विषय की जो आंसर की जारी की है, उसमें कई गलत जवाब सही माने गए हैं। इसको लेकर इन विषयों के टीचर्स भी हैरान हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि गणित में 3 सवाल और विज्ञान में 2 सवालों के जवाब गलत हैं इसलिए सीबीएसई या तो जवाब सही करे, या फिर बोनस अंक जारी करे।
यह है परीक्षा का पैटर्न : सीबीएसई के दसवीं के टर्म-1 एग्जाम चल रहे हैं। इनमें बहु विकल्पी प्रश्न दिए जा रहे हैं। इनकी आंसर की भी उसी दिन जारी होती है और सीबीएसई आंसर सीट भी उसी दिन मंगवा लेती है। विज्ञान के 40 अंक के पेपर में 60 सवाल थे और विद्यार्थियों को कोई भी 50 सवाल हल करने थे। इसी तरह से गणित के 40 अंक के पेपर में 50 सवाल थे और कोई भी 40 सवाल हल करने थे।
गणित के इन सवालों के जवाब पर है आपत्ति
प्रश्न 1 : संख्या 3750 के अभाज्य गुणन खंडन में 5 की घात है?
(ए) 3 (बी) 4 (सी) 5 (डी) 6
सीबीएसई का जवाब - सी एक्सपर्ट का जवाब – बी
प्रश्न 46 : एक किसान के पास समलंब आकृति का खेत है। जिसका नक्शा स्केल 1 सेमी बराबर 20 मीटर द्वारा दर्शाया गया है। इसके विपरीत शीर्षों को जोड़कर खेत को चार भागों में बांटा गया है। तो दो त्रिभुजीय क्षेत्र एओबी और सीओडी में -
(ए) एए कसौटी से समरूप है।
(बी) एसएएस कसौटी से समरूप है।
(सी) आरएचएस कसौटी से समरूप है।
(डी) समरूप नहीं है।
सीबीएसई का जवाब - बी, एक्सपर्ट का जवाब - ए
प्रश्न 50 : यदि दो समरुपी त्रिभुजों एओबी और सीओडी के क्षेत्रफलों का अनुपात 1:1 है तो निम्न में से कौन सा कथन सही हैं।
(ए) उनके परिमापों का अनुपात 3:4 होगा।
(बी) उनके संगत शीर्षलंब का अनुपात 1:2 होगा।
(सी) उनकी माध्यिकाओं का अनुपात 1:4 होगा।
(डी) उनके कोण समद्विभाजकों का अनुपात 1:16 होगा।
सीबीएसई का जवाब - सी, एक्सपर्ट का जवाब - बी
विज्ञान के इन 2 सवालों ने बच्चों को उलझाया
प्रश्न 31 : अभिकथन (ए)- सोडियम हाइड्रोजन कार्बोनेट एंटासिड के घटक की तरह इस्तेमाल किया जाता है।
कारण (आर) सोडियम हाइड्रोजन कार्बोनेट हल्का असंक्षारक क्षार है।
इसमें अभिकथन का कथन (ए) के बाद का कारण कथन (आर) दिया है। सही विकल्प के रूप में चिन्हित करें।
(ए) ए और आर दोनों सत्य हैं और आर ए की सही व्याख्या है।
(बी) ए और आर दोनों सत्य हैं। लेकिन आर ए की सही व्याख्या नहीं है।
(सी) ए सच है, लेकिन आर झूठा है।
(डी) ए झूठा है, लेकिन आर सच है।
सीबीएसई का जवाब- बी, एक्सपर्ट का जवाब - ए
प्रश्न : 32 अभिकथन(ए)- प्राकृतिक गैस का जलना एक ऊष्मा शोषी अभिक्रिया है।
कारण (आर)- मीथेन गैस ऑक्सीजन के साथ मिलकर CO2व पानी बनाती है।
इसमें अभिकथन का कथन (ए) के बाद का कारण कथन (आर) दिया है। सही विकल्प के रूप में चिन्हित करें।
(ए) ए और आर दोनों सत्य हैं और आर ए की सही व्याख्या है।
(बी) ए और आर दोनों सत्य हैं। लेकिन आर ए की सही व्याख्या नहीं है।
(सी) ए सच है, लेकिन आर झूठा है।
(डी) ए झूठा है, लेकिन आर सच है।
सीबीएसई का जवाब - सी, एक्सपर्ट का जवाब - डी
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.