जयपुर में 55 साल की महिला के पेट से 16 किलो 800 ग्राम की गांठ निकाली गई। जेएलएन मार्ग स्थित हॉस्पिटल में की गई इस सर्जरी में डॉक्टरों को 4 घंटे से ज्यादा का समय लगा। महिला अब स्वस्थ है। चलने-फिरने लगी है। इससे पहले महिला को इस ट्यूमर के कारण सांस लेने और चलने में तकलीफ हो रही थी।
भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के डॉ. प्रशांत शर्मा और डॉ. पुष्पलता गुप्ता की टीम ने रविवार शाम को यह सर्जरी की। उन्होंने बताया कि गांठ का साइज 23 सेमी. है, जबकि आमतौर पर किसी व्यक्ति के पेट से 2 से 8 सेमी. की गांठ निकाली जाती है। सामान्य से 8 गुना तक ज्यादा बड़ी होने के कारण इसे निकालना चुनौती से कम नहीं था।
5 महीने पहले पता चला था
सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ प्रशांत शर्मा ने बताया कि झुंझुनूं निवासी महिला को 5 महीने पहले हॉस्पिटल में दिखाया था। जांच के बाद महिला के पेट में गांठ होने की जानकारी हुई। उस समय सर्जरी की सलाह दी थी। महिला के परिजनों ने पहले सर्जरी करवाने से मना कर दिया था।
इसके बाद लोकल लेवल पर डॉक्टर को दिखाकर दवाइयों के जरिए गांठ को खत्म करने की कोशिश की गई। ओवरी में ट्यूमर को नजर अंदाज करने की वजह से पेट के अंदर ही अंदर साइज बढ़ता चला गया। इसकी वजह से यह गांठ 23 सेमी तक बढ़ गई। 8 दिसंबर को रोगी की तबीयत जब ज्यादा खराब हुई तो उसे हॉस्पिटल लाया गया और सर्जरी की गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.