राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से चल रहा बारिश का दौर आज थम गया है। पिछले 24 घंटे में भरतपुर-अलवर को छोड़कर प्रदेश में कही भी बरसात नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राज्य में 5 अक्टूबर तक मानसून की विदाई हो सकती है। राजस्थान में अब तक 592.5MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 37 फीसदी ज्यादा है। अब कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।
बंगाल की खाड़ी से आए साइक्लोनिक सिस्टम के कारण राजस्थान में पिछले दिनों से चला बारिश का दौर थम गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं पाकिस्तान, गुजरात से लगते हिस्से में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से राज्य में अब वापस वेस्टर्न विंड (पश्चिमी हवा) का प्रभाव बढ़ने लगेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मानसून की विदाई का जो ट्रेंड पिछले 3-4 साल से बना हुआ है, वह इस बार भी देखने को मिल सकता है। वर्तमान में जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर से मानसून विदा हो चुका है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो एक सप्ताह में राजस्थान के अन्य हिस्सों से भी मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। संभावना है कि 4 या 5 अक्टूबर तक पूरे राजस्थान से मानसून की विदाई हो सकती है।
इधर, मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान से मानसून की विदाई 15 से 17 सितम्बर के बीच शुरू हो जाती है और राज्य से 30 सितम्बर तक मानसून के विदा होने की सामान्य तारीख मानी जाती है।
भरतपुर, अलवर में बूंदाबांदी
पिछले 24 घंटे में अलवर, भरतपुर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। भरतपुर के रूपवास, नगर, अलवर के बहादुरपुर और धौलपुर के मनिया में 13 से 19MM तक बरसात हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आज देर शाम गंगानगर, हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। पाकिस्तान के ऊपर बने एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण ये बारिश होगी, जबकि शेष राजस्थान में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
राज्य में अब तक 592.5MM बारिश
राजस्थान में इस मानसून सीजन में 1 जून से 25 सितम्बर तक औसतन 592.5MM बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 37 फीसदी ज्यादा है। अमूमन इस समय तक राज्य में औसत 431.9MM बरसात होती है। जिलेवार स्थिति देखें तो सबसे ज्यादा बरसात झालावाड़ में हुई, जहां अब तक 1317MM पानी बरस चुका है, जबकि सबसे कम बारिश 314.1MM हनुमानगढ़ जिले में हुई है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
अजमेर | 32.4 | 22.5 |
अलवर | 29.5 | 23.8 |
बाड़मेर | 34.1 | 25.5 |
भीलवाड़ा | 32.4 | 21.4 |
बीकानेर | 36.2 | 23 |
चित्तौड़गढ़ | 31.6 | 21.4 |
चूरू | 33.5 | 22.5 |
जयपुर | 31.8 | 24.8 |
जैसलमेर | 35.8 | 23.8 |
जोधपुर | 33.7 | 23.5 |
कोटा | 34.9 | 23.2 |
सवाई माधोपुर | 32.9 | 23.7 |
सीकर | 32.5 | 22 |
गंगानगर | 35 | 24.9 |
उदयपुर | 31.6 | 20.6 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.