45 डिग्री सेल्सियस की तेज गर्मी से तप रहे राजस्थान में सोमवार सुबह की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई। अलवर, भरतपुर, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में आज बारिश हुई। पिछले 12 घंटे के दौरान करौली, अलवर, दौसा, झुंझुनूं के कई इलाकों में 10MM तक बरसात रिकॉर्ड हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है। रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ गया जबकि ठंडी हवाएं चलने से दिन के पारे में भी कमी आई है। इससे पहले 22 मई को जैसलमेर में दिन का तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
राजधानी जयपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर बारिश होती रही। आसमान में धूल का गुबार उठने से कुछ देर आसमान मटमैला दिखाई दिया। वहीं, तापमान में भी कमी रही। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम केंद्र जयपुर और जलसंसाधन विभाग से मिली रिपोर्ट देखें तो पिछले 12 घंटे के अंदर सबसे ज्यादा बारिश झुंझुनूं के पिलानी में 11MM हुई।
इसके अलावा चिड़ावा में 8, सूरजगढ़ में 10, बुहाना में 5, उदयपुरवाटी और खेतड़ी में 3-3, मंडावा और बस्वा में 2-2MM बरसात हुई। दौसा के महुवा में कल देर शाम से सुबह तक 10MM पानी बरसा है। करौली के हिंडौन और अलवर के टपूकड़ा में 9-9 MM बारिश हुई। वहीं दौसा, अलवर समेत कई जगहों पर 50KM स्पीड से तेज आंधी चली।
रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक बारिश-आंधी के बाद बीती रात कई शहरों में तापमान 21 से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम तापमान झुंझुनूं के पिलानी में 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, चूरू में 22.6, हनुमानगढ़ में 21.6, अलवर में 21.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
कल कोटा संभाग के जिलों में भी हो सकती है बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, दौसा, सीकर, अलवर, झुंझुनूं, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर जिलों के अलावा आज देर शाम और 24 मई को कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ जिलों में भी आंधी-बारिश हो सकती है, हालांकि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के केवल उत्तरी भागों में ही इसका असर रहेगा। 25 और 26 मई से राज्य में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से मई के आखिरी सप्ताह में हीटवेव चलने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम (22 मई) | न्यूनतम |
अजमेर | 39 | 27.6 |
भीलवाड़ा | 39.8 | 28.1 |
जयपुर | 41.6 | 29.1 |
पिलानी | 42.5 | 18.3 |
सीकर | 40 | 23.5 |
कोटा | 42 | 29.3 |
उदयपुर | 36 | 27.2 |
बाड़मेर | 44.2 | 28.5 |
जैसलमेर | 45 | 27 |
जोधपुर | 39.2 | 28.4 |
बीकानेर | 43 | 28.6 |
चूरू | 43.4 | 22.6 |
गंगानगर | 44.8 | 24.4 |
धौलपुर | 43.3 | 28.9 |
नागौर | 40.6 | 27.9 |
बारां | 42.5 | 29.9 |
डूंगरपुर | 37.6 | 28.2 |
हनुमानगढ़ | 43.7 | 21.6 |
जालौर | 40.7 | 28.5 |
सिरोही | 37.7 | 27.7 |
करौली | 43.6 | 27.3 |
बूंदी | 41.3 | 29.7 |
चित्तौड़गढ़ | 37.7 | 27.1 |
फलौदी | 45.2 | 27.2 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.