राजस्थान सरकार में जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी के बेटे रोहित के खिलाफ जयपुर की 23 साल की युवती ने दिल्ली में रेप का केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रोहित जोशी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर कई बार रेप किया। मांग में सिंदूर भरकर शादी का झांसा दिया। बोला कि वो उसकी पत्नी बन चुकी है। जल्दी शादी कर लेगा। इसके बाद दोनों हनीमून पर चले गए। पीड़िता प्रेग्नेंट हुई तो अबॉर्शन करा दिया। आखिर परेशान होकर पीड़िता ने नॉर्थ दिल्ली के सदर थाने में मामला दर्ज करवाया। नॉर्थ दिल्ली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर सवाई माधोपुर SP को भेज दिया है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि रोहित जोशी से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोनों की बात होने लगी। मिलने-जुलने लगे। इसके बाद रोहित 8 जनवरी 2021 को उसे अपने दोस्त के घर सवाई माधोपुर ले गया। जहां पर रोहित ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया। रोहित ने पीड़िता के बेसुध होने पर उसके न्यूड वीडियो बनाए और फोटो खींच लिए।
20 अप्रैल 2021 को आरोपी पीड़िता को दोस्त के फार्म हाउस पर ले गया। जहां उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। कहा- वह उसकी पत्नी बन चुकी है। जल्द शादी का रिसेप्शन करने वाला हूं। 26 जून 2021 को आरोपी पीड़िता को मनाली ले गया। बोला- यह हमारा हनीमून है। 11 अगस्त 2021 को पीड़िता प्रेग्नेंट हो गई। इसकी जानकारी उसने रोहित को दी तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
दोनों में जमकर मारपीट हुई। 12 अगस्त को रोहित ने पीड़िता को दोस्त अजय यादव के कार्यालय बुलाया, फिर पीड़िता के साथ मारपीट की। आरोपी ने युवती का अबॉर्शन करवा दिया। इसके बाद 3-4 सितंबर को रोहित ने दिल्ली में होटल सम्राट में भी उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने 17 अप्रैल 2022 को फिर से उसके साथ रेप किया।
पीड़िता बोली- बोलता है भंवरी जैसा हाल करेंगे
दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि रोहित जोशी अपने पिता के मंत्री होने की धमकी देता है। बताता है कि बदमाश और माफियाओं के साथ उनके सम्पर्क है। वह पुलिस से नहीं डरते। वह उसका हाल भंवरी देवी जैसा भी कर सकते हैं। कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। पीड़िता ने इन सब बातों का जिक्र अपनी FIR में किया है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी जान को खतरा है। इसलिए उसने नॉर्थ दिल्ली के सदर बाजार थाने में मामला दर्ज कराया है। राजस्थान में ये लोग उसकी शिकायत दर्ज भी नहीं होने देते। नॉर्थ दिल्ली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर सवाई माधोपुर SP को भेज दिया है, क्योंकि सबसे पहले युवती के साथ 8 जनवरी 2021 को सवाई माधोपुर में ही रेप हुआ था।
बता दें कि रोहित यूथ कांग्रेस का प्रदेश महासचिव रह चुका है। फिलहाल पीसीसी का मेंबर है। अब विधानसभा चुनाव की तैयारी भी कर रहा है।
मंत्री बोले- मेरी जानकारी में नहीं
मामले को लेकर जलदाय मंत्री महेश जोशी ने कहा, 'मेरी जानकारी में नहीं है। मैं जयपुर से बाहर हूं। जयपुर आऊंगा, तब पता करूंगा।'
यह भी पढ़ें...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.