राजधानी जयपुर में कालवाड़ रोड पर गोविंदपुरा बस स्टैंड के पास शुक्रवार देर रात एक और सड़क हादसा हो गया। जिसमें तेज रफ्तार एक XUV गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद करीब डेढ़ सौ मीटर दूर तक बाइक को घसीटते हुए चली गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के टुकड़े टुकड़े हो गए। राहगीरों की सूचना पर गश्त पर मौजूद करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दुर्घटना थाना (पश्चिम) मौके पर पहुंची। इससे पहले गाड़ी को छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने XUV को जब्त कर लिया है।
दुर्घटना थाने के हेडकांस्टेबल रविंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान विकास कुमार कुमावत (28) के रूप में हुई है। वह निवारू रोड पर कृष्णा विहार निवासी बसंतलाल कुमावत का बेटा था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह रात को अपने दोस्त के घर से पढ़ाई कर बाइक से घर लौट रहा था। तभी कालवाड़ रोड पर गोविंदपुरा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार गाड़ी से बाइक की जोरदार भिडंत हो गई।
तत्काल ब्रेक नहीं लगने पर गाड़ी के नीचे फंसी बाइक काफी दूर तक घिसटते हुए चली गई। इससे बाइक सवार विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। घर में कोहराम मच गया। शनिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और फरार गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।
एक दिन पहले रात 2 बजे बदरवास तिराहे पर तीन दोस्तों की जान गई थी
गौरतलब है कि इससे पहले गुरूवार देर रात 2 बजे मानसरोवर इलाके में बदरवास तिराहे पर अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से कार में सवार दो युवकों और एक युवती की मौत हो गई थी। इसमें मृतक जगदीश चौधरी सोढाला थाने में पुलिस कांस्टेबल था। उसका गुरुवार को जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों गायत्री और निखिल के साथ बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहा था। तभी उसकी कार का एक्सीडेंट हो गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.