सुशील मोदी बोले पेट्रोल-डीजल के कम होंगे दाम:अंतर्राष्ट्रीय कारणों से बढ़ रही महंगाई, लोगों को अब मनरेगा की जरूरत नहीं

जयपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर पहुंचे सुशील मोदी ने कहा कि मोदी सरकार के बजट में आम आदमी, मध्यम वर्ग, गरीब कल्याण, सुरक्षा, किसान, आत्मनिर्भर नौजवान, जनजाति इन तमाम वर्गों का ध्यान दिया गया है। - Dainik Bhaskar
जयपुर पहुंचे सुशील मोदी ने कहा कि मोदी सरकार के बजट में आम आदमी, मध्यम वर्ग, गरीब कल्याण, सुरक्षा, किसान, आत्मनिर्भर नौजवान, जनजाति इन तमाम वर्गों का ध्यान दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय कारणों से भारत में महंगाई बढ़ रही है। यह दावा किया है, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने। रविवार को प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों का असर पेट्रोल और डीजल पर पड़ता है। अब क्रूड ऑयल की कीमत कम हो रही है। ऐसे में जल्द ही मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटाएगी।

मोदी ने कहा कि गहलोत सरकार की OPS का बोझ राजस्थान की जनता को उठाना पड़ेगा। कांग्रेस सरकार की आर्थिक नीति की वजह से कुछ समय बाद प्रदेश के हर व्यक्ति पर एक बड़ा कर्ज होगा। गहलोत को इन सब बातों का ध्यान रखना चाहिए था। मोदी ने कहा कि केंद्र के बजट में मनरेगा का बजट कम इसलिए किया गया है क्योंकि कोरोना काल के समय लोग शहरों को छोड़कर गांव में लौटे थे। तब गांवों में ही लोगों को रोजगार देने के लिए मनरेगा में बजट बढ़ा दिया गया था, लेकिन अब गांव की स्थिति भी अच्छी होती जा रही है। इसलिए मनरेगा का बजट भी कम किया गया है क्योंकि अब लोगों को मनरेगा में काम करने की जरूरत नहीं है।

सुशील मोदी ने कहा कि कुछ लोग चुनाव जीतने के लिए मुफ्त की योजनाओं की घोषणा करते हैं। वोट एक बार मिल सकता है लेकिन मुफ्त में देने वालों को देश की अर्थव्यवस्था का क्या होगा यह सोचना चाहिए। हमारी पार्टी मुफ्त बांटने में विश्वास नहीं करती बल्कि व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। आजादी के बाद पहली बार 13 लाख 70 हजार करोड़ एक साल में निर्माण कार्यों के लिए खर्च किया जाएगा।

निर्माण कार्य पर 100 रुपए खर्च करते हैं, लेकिन उसका ढाई गुणा अर्थव्यवस्था पर प्रभाव पड़ता है। निर्माण कार्य से लोगो को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही इस साल 1300 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाया जाएगा।‌ देश में अगले एक साल में पूरी रेल लाइनों का विद्युतीकरण हो जाएगा। मोदी ने कहा कि इस बजट में जिनकी आय 7 लाख है उनको अब कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा। वहीं देश के 80 करोड़ लोगों को एक साल तक मुफ्त अनाज दिया जाएगा जबकि 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को 30 लाख जमा करने पर 20 हजार मिलेंगे।